जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के ट्वीट करने के बाद जम्मू पुलिस के साथ ही हरियाणा पुलिस भी हरकत में आ गई। डीजीपी हरियाणा ने इस पूरे मामले के जांच के आदेश दे दिए जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर लगे एक सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की पहचान करने में कामयाबी हासिल की।
पुलिस के मुताबिक इस मामले में कुल 6 आरोपियों की पहचान हुई है जिसमें तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि अन्य तीन की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। इस मामले में सुबह हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ट्वीट कर सीएम महबूबा को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया।
सीएम हरियाणा ने बताया कि इस मामले में तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महबूबा ने भी इसके बाद ट्वीट कर खट्टर का आभार व्यक्त किया। गौरतलब है कि कश्मीरी छात्रों के साथ मारपीट का मुद्दा विपक्ष ने जम्मू कश्मीर विधानसभा में भी उठाया।
भोपाल एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी में पढ़ रहे कश्मीरी छात्रों के एक समूह को कुछ ऐसे ही अभद्र व्यवहार का सामना करना पड़ा। भोपाल से जम्मू कश्मीर आ रहे कश्मीरी छात्रों के एक ग्रुप को बड़े समूह में चलने के लिए जवाब तलब किया गया।
एक छात्र को पांच किलों के सिलेंडर के साथ यात्रा करने के कारण हिरासत में भी लिया गया। हालांकि दो दिन बाद उसे छोड़ दिया गया। कश्मीरी छात्रों के साथ ऐसी घटना के बाद रियासत के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट कर नराजगी जताई।