- कहा - रिकॉर्ड पर्यटकों का आगमन जम्मू-कश्मीर में शांति, प्रगति और समृद्धि का प्रमाण
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कश्मीर मैराथन के विजेताओं और सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। कहा, इस सफल मेगा इवेंट ने जम्मू-कश्मीर को विश्व मैराथन मानचित्र पर पहुंचाया है। एलजी ने घोषणा की कि बहुत जल्द कश्मीर मैराथन की तरह जम्मू में अंतरराष्ट्रीय स्तर की मैराथन का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर को जम्मू-कश्मीर के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बताते हुए सिन्हा ने केंद्र शासित प्रदेश के पूर्ण परिवर्तन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। कहा कि प्रधानमंत्री के निर्णायक नेतृत्व और जम्मू-कश्मीर में शांति व सामान्य स्थिति की बहाली ने यह सुनिश्चित किया है कि लोग अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों, फॉर्मूला-4 रेस का आनंद ले सकें। प्रदेशवासी जी-20 शिखर सम्मेलन और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जैसे वैश्विक आयोजनों की मेजबानी करके गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में पर्यटकों का रिकॉर्ड आगमन जम्मू-कश्मीर में शांति, प्रगति और समृद्धि का प्रमाण है।
अपनी आदर्श जलवायु, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गर्मजोशी से भरे आतिथ्य और प्राकृतिक सुंदरता के साथ, जम्मू-कश्मीर अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए एक पसंदीदा गंतव्य के रूप में उभर रहा है। भविष्य में श्रीनगर और जम्मू में होने वाले प्रमुख दौड़ आयोजन दुनिया भर के धावकों को एक साथ लाएंगे और पर्यटन को बढ़ावा देंगे। उन्होंने कश्मीर मैराथन की सफलता के लिए पर्यटन विभाग, जम्मू-कश्मीर पुलिस, सुरक्षाबलों, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग और सभी हितधारकों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में मुख्य सचिव अटल डुल्लु, आयुक्त सचिव पर्यटन यशा मुद्गल, मंडलायुक्त कश्मीर विजय कुमार बिधुड़ी भी शामिल हुए।
-
बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी ने कहा कि मैं इस ऐतिहासिक दिन का हिस्सा बनने का अवसर पाकर खुद को धन्य महसूस करता हूं। जिस तरह के आतिथ्य और प्राकृतिक सुंदरता के साथ जम्मू-कश्मीर है, मुझे विश्वास है कि आने वाले दिनों में प्रदेश मैराथन जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए नंबर एक वैश्विक स्थान बन जाएगा। जम्मू-कश्मीर में और अधिक फिल्में लाने के प्रयास निश्चित रूप से किए जाएंगे।