श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के चेयरमैन एवं राज्यपाल एनएन वोहरा ने रेलहेड कांप्लेक्स जम्मू के पास कालिका धाम कांप्लेक्स मां के भक्तों को समर्पित किया। इस पांच मंजिला भवन में 340 बेड की क्षमता है, जिसमें 240 डारमेट्री और 50 डबल बेडरूम का निर्माण किया गया है।
कुल पांच कनाल भूमि में से तीन कनाल पर 14.80 करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट का 6765 वर्ग मीटर के दायरे में बोर्ड के इंजीनियरिंग विंग ने 21 माह में निर्माण पूरा किया है। इसके साथ ही बोर्ड की जम्मू में वैष्णवी धाम और सरस्वती धाम के 1050 बेड (1020 डारमेट्री और 30 सिंगल रूम बेड) के साथ कुल आवासीय परिसर की क्षमता 1390 तक पहुंच गई है।
बड़ी पार्किंग के साथ आधुनिक डाइनिंग हॉल भी
राज्यपाल ने कहा कि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को बोर्ड के तीन कांप्लेक्स में बेहतर ठहरने की सुविधा मिल सकेगी। बोर्ड के सीईओ डा. मंदीप कुमार भंडारी ने कहा कि 11 डारमेट्री ग्राउंड फ्लोर और तीन अन्य पहले, दूसरे और तीसरे फ्लोर पर स्थापित की गई हैं।
सभी पांच फ्लोर पर दस-दस डबल बेड (अटैच बाथरूम) का निर्माण किया गया है। कालिका धाम की बेसमेंट में 20 वाहनों को खड़ा किया जा सकता है। इसके अलावा ओपन पार्किगिं में ग्राउंड फ्लोर पर 20 कारों को खड़ा किया जाएगा।
आधुनिक किचन और डाइनिंग हॉल में 80 लोगों के बैठने की सुविधा होगी।
बनाया गया बड़ा कांफ्रेंस हॉल
कालिका धाम के चौथे फ्लोर पर 50 सीटर कांफ्रेंस हॉल और कार्यालय का निर्माण किया गया है। पूरे कांप्लेक्स में अत्याधुनिक अग्निरोधक सिस्टम लगाया गया है। कांप्लेक्स में 21 हजार लीटर प्रतिदिन सोलर वाटर हीटिंग सिस्टम की सुविधा मिलेगी।
कांप्लेक्स में विकलांग लोगों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। समारोह में बोर्ड से एचएल मैनी, डा. सुधीर बलोरिया, राकेश कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।