नंदवाल के प्रसिद्ध मंदिर में हुई अति महाविष्णु यज्ञ की शुरूआत
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौड़ियां। खौड़ उपजिले के ठाकुर जी द्वार नंदवाल के प्रसिद्ध मंदिर में चैत्र नवरात्र के पहले दिन अति महाविष्णु यज्ञ की शुरुआत हुई। बुधवार को यज्ञ के पहले दिन कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। इस दौरान समाजसेवी चंचल बाबा और परमहंस श्री श्री केशव शास्त्री भी उपस्थित रहे। यह महाविष्णु यज्ञ 30 मार्च तक चलेगा।
कलश यात्रा नंदवाल से निकाली गई और गांव नंदवाल के नजदीक के पानी के स्रोत तक गई, जहां से कलश भर कर महाविष्णु यज्ञ के स्थल पर पहुंची। वहां कथावाचक अमिता शास्त्री ने प्रवचनों करते हुए कहा, हम भारतीयों के लिए चैत्र शुक्ल प्रतिपदा का दिन अत्यंत शुभ होता है। इस दिन भगवान ब्रह्मा द्वारा सृष्टि की रचना हुई थी, और युगों में प्रथम सतयुग का प्रारंभ हुआ था। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से प्रकृति सर्वत्र माधुर्य बिखेरने लगती है। भारतीय संस्कृति का यह नूतन वर्ष जीवन में नए उत्साह, नई चेतना व नया आह्लाद जगाता है। कथा के पहले दिन भंडारे का आयोजन भी किया गया।