संवाद न्यूज एजेंसी।
रियासी। श्री सनातन धर्म सभा की बैठक शुक्रवार शाम को प्रधान बृज मोहन शर्मा की अध्यक्षता में हुई। इसमें महिला विंग की प्रधान कीर्ति नरगोतरा व अन्य भी उपस्थित रहे। बताया गया कि रविवार को कलश यात्रा निकाली जाएगी और सोमवार से शिव महापुराण कथा शुरू हो जाएगी।
बैठक में बताया गया कि 13 जुलाई की सुबह एक कलश यात्रा सभा से निकाली जाएगी। नगर के विभिन्न मंदिरों का भ्रमण कर वहां से जल कलशों में भरा जाएगा। कलश यात्रा में स्थानीय महिलाएं मौजूद रहेंगी। बाद में कलश सनातन सभा में कथा स्थल पर स्थापित किए जाएंगे।
श्रावण महीने के पहले सोमवार से शिव महा पुराण कथा की शुरुआत की जाएगी। कथा का वाचन सूरज कौशल शास्त्री करेंगे। रोजाना दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक कथा होगी बाद में कथा संपन्न होने पर सभी को प्रसाद बांटा जाएगा। कथा पूरे सावन माह में जारी रहेगी। इस के साथ ही अगले आ रही श्री कृष्ण जन्माष्टमी मनाने पर भी चर्चा हुई। फैसला किया गया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जाएगी। झांकियां निकाले जाने के साथ ही अन्य धार्मिक कार्यक्रम भी होंगे। सभी लोगों को कथा व अन्य कार्यक्रमों को करवाने में अपना सहयोग करने की अपील की गई।