फोटो ज्यौडियां सेसीमावर्ती गाँव में गंदगी से भरे बंकर को दिखाती महिला
सीमावर्ती गांवों के लोगोंं ने सरकार से की बंकरों की सफाई करवाने की मांग
ज्यौड़ियां। छंब विधानसभा क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश ने केवल खेतों और मकानों को ही नहीं बल्कि शासन-प्रशासन की संवेदनहीनता को भी उजागर कर दिया है। सीमावर्ती गावों में सरकार की तरफ से लोगों की सुरक्षा के लिए बनाए गए बंकरों में बारिश का पानी और गंदगी भरी हुई है। बारिश से कुछ बंकर क्षतिग्रस्त भी हो गए हैं।
नेशनल कॉन्फ्रेंस पार्टी के प्रांतीय प्रधान रिटायर्ड मास्टर बलदेव सिंह भाऊ ने बताया कि केंद्र सरकार को चाहिए की बरसात में खराब हुए बंकरों की सफाई कर मरम्मत की जाए। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जब भारत-पाक सीमा पर दोनों देशों के बीच गोलाबारी शुरू हुई थी तो सीमावर्ती गावों के लोगों के लिए यह बंकर ही आसरा बने थे। मगर बारिश से अब इन बंकरों की हालत बहुत ही खराब हो गई है। सरकार को चाहिए की जल्द बंकरों की सफाई कर क्षतिग्रस्त हुए बंकरों की मरम्मत की जाए।
सीमावर्ती गांव ढखर निवासी जोगिंदर पाल, मधु देवी और पोला राम ने बताया कि गांव में सरकार की तरफ से कुल 22 बंकर बनाए गए थे, पिछले दिनों बरसात के दिनों में हुई बारिश से गांव के साथ साथ बह रही मनावर तवी में आई बाढ़ का पानी बंकरों में घुस गया था। इससे बंकरों में गंदगी भर गई है इसको हम लोग खुद साफ नहीं करवा पा रहे हैं। सरकार से अपील है कि हमारे बंकरों को साफ किया जाए।