ज्यौड़ियां। बिश्नाह से नाबालिग लड़की के अपहरण का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस टीम ने एसडीपीओ विरेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल लड़की और लड़के दोनों को बरामद कर लिया है। अब तक दोनों ज्यौड़ियां नहीं लाए गए हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस दोनों को बुधवार तक ज्यौड़ियां में लाएगी। बता दें कि ज्यौड़ियां पुलिस चौकी में पिछले हफ्ते लड़की के अपहरण को लेकर रिपोर्ट दी गई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के तुरंत बाद पुलिस ने लड़की को ढूंढने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी थी। इसी विषय में गत वीरवार देर शाम ज्यौड़ियां पुलिस चौकी के समक्ष ब्राह्मण सभा खौड़ की तरफ से पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व ब्राह्मण सभा खौड़ के अध्यक्ष पंडित चुनी लाल शर्मा कर रहे थे। इसमें ब्राह्मण सभा खौड़ के सचिव वेदप्रकाश शर्मा, सदस्य रिटायर्ड कैप्टन सुरेंद्र शर्मा, सहित मंहत श्री केशवदास शर्मा और अमृत भूषण बाबा भारती आदि उपस्थित रहे। लोगों ने बताया कि ज्यौड़ियां के गांव गढी बिश्नाह की नाबालिग लड़की को को ज्यौड़ियां निवासी एक युवक ने 13 अक्तूबर से अगवा कर लिया है। बताया जा रहा है कि लड़की को अगवा करने वाले युवक के साथ उसके दो अन्य साथी भी हैं। पुलिस इनको ढूंढने में लापरवाही कर रही है। पुलिस का कहना था कि जबसे लड़की के परिजनों ने लिखित में सूचना दी है। हम उसी समय से ढूंढने के प्रयास में हैं। थाना प्रभारी राजेश जसरोटिया ने शुक्रवार दोपहर पुलिस चौकी में जमा लोगों को त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया था। संवाद