बॉर्डर एक्शन कमेटी खौड़ ने पलांवाला में बैठक में सुनीं क्षेत्र के लोगों की समस्याएं
ज्यौडि़यां। बॉर्डर एक्शन कमेटी खौड़ ने रविवार को सीमावर्ती पलांवाला क्षेत्र में बैठक का आयोजन कर लोगों की समस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान एलओसी के साथ लगते सीमावर्ती गावों के लोगों ने सरकार से निजी बंकरों का निर्माण करने और बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए बंकरों की मरम्मत करने की मांग की।
एक्शन कमेटी खौड़ के अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह की देखरेख में आयोजित इस बैठक में सीमावर्ती गावों के पचास के करीब लोग उपस्थित रहे। इस दौरान क्षेत्र के किसानों और सीमावर्ती गावों के लोगों के हकों की बात भी की। देवेंद्र सिंह ने कहा कि जिन लोगों की जमीन पिछले कई वर्षों से सेना, पीएचई, सिंचाई बाढ़ नियंत्रण और शिक्षा विभागों की ओर से अधिग्रहित की गई है उनको मुआवजा दिया जाए या फिर घर के किसी एक सदस्य को सरकार स्थायी तौर पर सरकारी नौकरी दे। देवेंद्र सिंह ने कहा कि एलओसी से पांच किलोमीटर की पट्टी के अधीन गांव को एसटी कोटे का आरक्षण दिया जाए। किसानों को सीमा पर फैंसिंग के पीछे की जमीन पर खेती करने की अनुमति दी जाए। इस मौके पर रविंद्र सिंह, कुलबीर सिंह रवि कुमार, चैन लाल सहित कई लोग उपस्थित रहे।