मेजबान जम्मू विश्वविद्यालय (जेयू) के खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए नार्थ जोन अंतर यूनिवर्सिटी हैंडबाल चैंपियनशिप (पुरुष) में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। जम्मू विश्वविद्यालय के खेल इतिहास में पहली बार नार्थ जोन हैंडबाल की ट्राफी आई है।
जेयू ने अपने तीन लीग मुकाबलों में दो में विजयी और एक में पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के खिलाफ ड्रा के साथ सर्वाधिक पांच अंक हासिल किए।
इसके साथ ही जेयू की टीम ने जम्मू विश्वविद्यालय में ही आगामी 16 से 19 नवंबर को हो रही आल इंडिया अंतर यूनिवर्सिटी हैंडबाल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इसमें देशभर से पुरुष और महिला वर्ग में 16-16 टीमें शिरकत कर रही हैं।
जम्मू विश्वविद्यालय में खेली गई नार्थ जोन (पुरुष) चैंपियनशिप में पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला ने चार अंकों के साथ दूसरा और पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ तीन अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
महिला वर्ग में पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला सर्वाधिक छह अंकों के साथ चैंपियन बना। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी फगवाड़ा चार अंकों के साथ दूसरे और पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ दो अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
इस चैंपियनशिप में उत्तर भारत से पुरुष वर्ग में 22 और महिला वर्ग में 19 विश्वविद्यालयों की टीमों ने शिरकत कर प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस दौरान मुख्य अतिथि पूर्व कुलपति प्रो. एमपी सिंह ईशर ने जेयू की विजेता टीम को बधाई देते हुए कहा कि जम्मू विश्वविद्यालय में उनके पढ़ने के दौरान हैंडबाल में बड़ी उपलब्धि हासिल की गई थी और आज वही दिन दोहराया गया है।