- खेल और पढ़ाई के बीच समन्वय बनाना होगा आसान विवि की तैयार खेल नीति में ऐसे खिलाड़ियों को क्रेडिट देने का प्रावधान, जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय (जेयू) के विद्यार्थियों के लिए अब खेल और पढ़ाई के बीच समन्वय बनाना आसान होगा। विश्वविद्यालय अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को इसका लाभ पढ़ाई में भी देगा।
विद्यार्थियों को न सिर्फ क्रेडिट मिलेगा, बल्कि दो से पांच फीसदी तक अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे, जिससे खिलाड़ी पढ़ाई के साथ-साथ अपने खेल को आगे लेकर चल सकेंगे। जेयू ने विवि स्तर पर खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए खेल नीति तैयार की है। इस नीति में अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को अलग-अलग क्रेडिट व अतिरिक्त अंक देने का प्रावधान किया है। विवि उच्च शिक्षा परिषद में मसौदा मंजूरी के लिए भेज रहा है। मंजूरी मिलने के बाद विवि में विद्यार्थियों को इसकी सुविधा मिलेगी, जिससे विवि स्तर पर खेल प्रतिभाएं सामने बढ़ेंगी।
परिषद से मंजूरी मिलने के बाद एक समिति का भी गठन किया जाएगा। अभी विद्यार्थियों के सामने सबसे ज्यादा समस्या परीक्षा के आयोजन के समय होती है। परीक्षा तिथि और चैंपियनशिप एक ही समय पर होती है, ऐसे में उनके पास किसी एक को चुनने का ही विकल्प बचता है। परीक्षाओं में बदलाव या छूट नहीं मिलने से छात्र चैंपियनशिप में जानने से भी परहेज करते हैं। अब ऐसी स्थिति में परीक्षा में बदलाव किया जाएगा, ताकि खिलाड़ी की एकाग्रता एक तरफ ही रहे।
विवि के खेल व शारीरिक शिक्षा विभाग ने बनाई है खेल नीति
जम्मू विवि के खेल व शारीरिक शिक्षा विभाग ने खेल नीति तैयार की है। ऐसा करना वाला जेयू प्रदेश का पहला विवि है। इसमें उत्कृष्ट खिलाड़ियों को पीजी में प्रवेश में छूट, अटेंडेंस में छूट, निशुल्क हाॅस्टल सुविधा, ग्रेस मार्क्स, वित्तीय मदद, मासिक छात्रवृत्ति सहित अन्य प्रावधान हैं। विवि स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने के लिए इस नीति को तैयार किया गया है।
कोट...
खेलें अब पाठ्यक्रम का हिस्सा हैं। अकादमिक में बिना किसी विशेष छूट के खिलाड़ी के लिए खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना बड़ी चुनौती है। इसको ध्यान में रखते हुए विवि राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को उसका क्रेडिट देने के साथ अतिरिक्त अंक भी देगा। इसको लेकर मसौदा तैयार किया गया है, उम्मीद है जल्द मंजूरी मिलेगी।
-प्रो. उमेश राय, कुलपति, जम्मू विश्वविद्यालय
कोट...
उत्कृष्ट खिलाड़ियों को अतिरिक्त अंक और क्रेडिट मिलने से उन्हें लाभ होगा। इससे विद्यार्थी न सिर्फ खेल बल्कि शिक्षा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। उम्मीद है जल्द ये प्रावधान लागू होगा जिससे विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। इस पहल से विवि में खेल संस्कृति बढ़ेगी, खिलाड़ी देश व प्रदेश का राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करेंगे।
- रणजीत कालरा, सदस्य,जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल