संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय का भू-विज्ञान विभाग आपदा प्रबंधन पर तीन माह का कोर्स शुरू करने जा रहा है। पहले सेमेस्टर में 30 सीटें निर्धारित की गई हैं। बीस हजार रुपये दाखिला शुल्क रखा गया है। इस कोर्स में कुल आठ क्रेडिट होंगे। सेवाएं दे रहे अभ्यर्थियों को दाखिले में बीस फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। चट्टान शिल्प और पर्वत, खोज, स्नो क्राफ्ट और हिमस्खलन से बचाव के लिए इन कोर्स की पढ़ाई करवाई जाएगी। विश्वविद्यालय के छात्र यह कोर्स नहीं कर सकेंगे। दाखिला लेने वाले छात्रों को पुस्कालय की सुविधा और पहचानपत्र भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। इस अल्पकालीन कोर्स की अवधि को आगे भी बढ़ाया जा सकता है। कोर्स के पाठ्यक्रम की संरचना को जम्मू विश्वविद्यालय के आपदा प्रबंधन केंद्र भूविज्ञान विभाग की ओर से तैयार की गई है। जुलाई से सितंबर तक रॉक क्राफ्ट और माउंटेन रेस्क्यू कोर्स पढ़ाया जाएगा। इसके पूरा होने के बाद अक्तूबर से दिसंबर तक खोज, बचाव और जीवन रक्षा का कोर्स करवाया जाएगा। जनवरी से मार्च तक स्नो क्राफ्ट और हिमस्खलन बचाव कोर्स होगा।