सरदार प्रीथिनंदन सिंह पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में बुधवार को अटेस्टेशन कम पासिंग आउट परेड का आयोजन हुआ। 25वें बेसिक ट्रेनिंग कोर्स के बाद संभाग भर से 947 प्रशिक्षुओं को पुलिस दल में शामिल कर लिया गया।
राज्य की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने परेड की सलामी ली और प्रशिक्षुओं को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। शांतिदूत कबूतरों और हवा में छोड़े गए रंग-बिरंगे गुब्बारों के अतिरिक्त मनमोहक आतिशबाजी के साथ कार्यक्र्तम का समापन हुआ।
सरदार प्रीथिनंदन सिंह पुलिस ट्रेनिंग स्कूल के दीक्षांत परेड ग्राउंड में आयोजित पासिंग आउट परेड की सलामी लेते हुए मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षुओं को और उनके परिजनों को शुभकामनाएं दी।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पिछले नौ महीनों में इन प्रशिक्षुओं ने जो सीखा है उसका अनुसरण आजीवन करेंगे और मकसद को नाकाम नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि जेकेपी को अनुशासित पुलिस का दर्जा प्राप्त है।
पुलिस वेलफेयर के लिए किए गए प्रयास सराहनीय है। इसके साथ उन्होंने आम लोगों और पुलिस के बीच समन्वय पर भी जोर दिया। इस अवसर पर वन मंत्री चौधरी लाल सिंह, हीरानगर विधायक कुलदीप राज, डीजीपी डा. शीश पाल वैद, पीटीएस के प्रिंसिपल रंजीत कवंर के साथ अन्य भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।