जिले के गुल तहसील के अंतर्गत पड़ने वाले काली मस्ता के जंगलों में एक आतंकी ठिकाने से भारी मात्रा हथियार, गोला बारूद और अन्य सामान बरामद हुआ है। गुल स्थित सेना की राष्ट्रीय राइफल और पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप को सूचना मिली थी कि जंगल में एक आतंकी ठिकाना है।
इस पर सेना और पुलिस ने मंगलवार को काली मस्ता के जंगलों में तलाशी अभियान शुरू किया। शुक्रवार को दोपहर के समय पुलिस और सेना के जवान आतंकी ठिकाने तक पहुंचने में सफल हो गए।
इस दौरान वहां से एक एके 56 राइफल, एक थ्री नट थ्री राइफल, एक पिस्टल, एक यूबीजीएल ग्रेनेड लांचर, एके 56 की मैग्जीन, थ्री नट थ्री की मैग्जीन, यूबीजीएल ग्रेनेड, अन्य विस्फोटक पदार्थ, कंबल और खाना बनाने वाले बर्तन बरामद हुए।
पुलिस और सुरक्षा बलों के अनुसार आतंकी ठिकाने के ध्वस्त होने से इलाके में आतंकी गतिविधियों को झटका लगा है। इस संबंध में गुल थाने में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। पता लगाया जा रहा है कि कहीं आतंकी किसी अन्य स्थान पर तो छिपे नहीं हैं। पुलिस के अनुसार काली मस्ता के आसपास में अभी तलाशी अभियान जारी है।