राजभवन श्रीनगर में शुक्रवार को हुई जम्मू विश्वविद्यालय काउंसिल की 79वीं बैठक में शैक्षणिक और अकादमिक स्तर पर कई अहम फैसलों पर मुहर लगाई गई।
चांसलर एवं राज्यपाल एनएन वोहरा और मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने कहा कि शोध स्तर पर कोई समझौता नहीं किया जाए।
संस्थानों में शैक्षणिक स्तर को विकसित किया जाए। विद्यार्थियों की सहूलियत के लिए अंडर ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट परीक्षाओं के नतीजे निर्धारित समय में घोषित किए जाएं।
राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता को जांचने के लिए नियमित ध्यान केंद्रित किया जाए। पीएचडी डिग्री में आंतरिक स्तर से कोई समझौता नहीं किया जाए।
प्रो चांसलर उच्च शिक्षा मंत्री नईम अख्तर ने समाज की स्थायी समस्याओं के समाधान के लिए शोध क्षेत्र को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
राज्यपाल ने अकादमिक व अन्य गतिविधियों के कैलेंडर को मान्यता प्राप्त कालेजों और विश्वविद्यालयों में पूरी तरह से अमल में लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अकादमिक और शैक्षणिक स्तर के साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए। कौशल विकास के लिए आधुनिक संस्थानों की स्थापना की जाए। बाजार की मांग के मुताबिक पारंपरिक क्राफ्ट क्षेत्र को बढ़ावा दिया जाए।
विद्यार्थियों के व्यक्तिगत विकास के साथ जॉब मार्केट के मुताबिक पर्यटन और उद्योग के क्षेत्र में लघु वोकेशनल कोर्सों को विकसित किया जाए।
युवाओं के लिए काउंसिल को व्यक्तिगत विकास कोर्सों को शुरू करने पर जोर दिया गया। राज्यपाल ने पोस्ट ग्रेजुएट में च्वॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम की समीक्षा करते हुए इसे अंडर ग्रेजुएट स्तर पर लागू करने पर जोर दिया।
नेशनल स्टाक एक्सचेंज के सहयोग से अंडर सेल्फ फाइनेंसिंग के तहत कामर्स विभाग में बैंकिंग एंड रिस्क मैनेजमेंट एंड अकाउंटिंग एंड फाइनेंस पर 2015-16 सेशन से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा शुरू करने की मंजूरी दी गई।
नेशनल काउंसिल फार टीचर एजूकेशन रेगुलेशन 2014 को अपनाने के साथ जस्टिस वर्मा कमीशन एंड एनसीएफटीई की सिफारिशों पर दो वर्षीय बीएड और एमएड को शुरू करवाने की मंजूरी दी गई।
काउंसिल ने भद्रवाह कैंपस में स्थायी बीएड कोर्स के साथ राज्य वित्त विभाग की ओर से एसआरओ-232 के तहत चाइल्ड केयर लीव को अमल में लाने की मंजूरी दी गई।
कुलपति जम्मू विवि प्रो. आरडी शर्मा ने पावर प्वाइंट की प्रस्तुति दी। बैठक में कश्मीर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. खुरशीद इकबाल, मुख्य सचिव बीआर शर्मा, आयुक्त वित्त नवीन कुमार चौधरी आदि मौजूद रहे।