जम्मू-कश्मीर पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती घोटाले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने अब तक 17 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें बड़े नामों में बीएसएफ के कमांडेंट डॉ. करनैल सिंह और कानाचक थाने में तैनात एएसआई अशोक कुमार शामिल हैं। मामले में मंगलवार को तीसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब, हरियाणा और जम्मू में सात जगहों पर एक साथ छापे मारे।
घोटाले में शामिल सीआरपीएफ और आईआरपी कर्मियों के अलावा अन्य दलालों के घरों पर हुई कार्रवाई में कई दस्तावेज सीबीआई ने जब्त किए हैं। जानकारी के अनुसार, जम्मू में बरनाईं दीनानगर के रहने वाले सीआरपीएफ कांस्टेबल कश्मीर सिंह, अखनूर के मैरा मैंदरियां में आईआरपी जवान विकास शर्मा, पठानकोट में सीआरपीएफ कांस्टेबल अतुल कुमार और तरसेम लाल, हरियाणा में सीआरपीएफ कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह (इस समय सीबीआई की गिरफ्त में), जतिन यादव और करनाल में सुलिंद्र के घर दबिश दी गई।
इन सभी लोगों ने लीक हुआ भर्ती का प्रश्नपत्र खरीदा और पैसे लेकर अपने सगे-संबंधियों को बांट दिया। यह भी बताया जा रहा है कि बरनाईं के रहने वाले कश्मीर सिंह ने भी अपने परिवार के किसी सदस्य को प्रश्नपत्र लेकर दिया था। सीबीआई की टीम ने मंगलवार सुबह एक साथ इन सभी जगहों पर रेड की। बता दें कि जम्मू का रहने वाला सीआरपीएफ कर्मी, आईआरपी कर्मी, पठानकोट और हरियाणा के रहने वाले सीआरपीएफ कांस्टेबल जम्मू के अलग-अलग स्थानों पर तैनात रह चुके हैं। इसी तैनाती के दौरान इन लोगों ने भर्ती घोटाला किया। बीएसएफ कमांडेंट और एएसआई के साथ मिलकर पूरा घोटाला किया।
आरोप पत्र तैयार
आरोपियों के खिलाफ सीबीआई ने आरोप पत्र तैयार कर लिया है। इनके अलावा सीबीआई के आरोप पत्र में जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) के चार अफसरों के नाम भी शामिल हैं।
अखनूर: मैरा मेंदरिया के गांव नोर जगीरा स्थित घर को दो घंटे खंगाली रही सीबीआई टीम
पुलिस विभाग में एसआई भर्ती घोटाले में सीबीआई ने मंगलवार को पुलिस कर्मी के घर छापा मारा। इस कार्रवाई में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान मोबाइल, लैपटॉप, अन्य दस्तावेज और बैंक पासबुक जब्त की गई।
मंगलवार दोपहर बाद सीबीआई टीम ने मैरा मेंदरिया क्षेत्र के गांव नोर जगीर में पुलिस कर्मी विकास शर्मा का घर खंगाला। करीब दो घंटे तक चली जांच में सीबीआई टीम ने उसके घर से लैपटॉप, मोबाइल, बैंक पासबुक व अन्य दस्तावेज सहित अन्य समान जब्त कर लिया।
सीबीआई ने पुलिस जवान विकास शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। विकास आईआरपी यूनिट जम्मू में तैनात है। विकास के चचेरे भाई रमण को सीबीआई इसी मामले में पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। सीबीआई टीम ने सब इंस्पेक्टर भर्ती घोटाले में अब तक तीन बार क्षेत्र में छापा मारा है। इसमें विभिन्न आरोपियों के घरों सहित अखनूर में लाइब्रेरी भी शामिल है। सीबीआई की नजर में अब भी कई संदिग्ध हैं, जिन पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।