जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन ने रविवार को 11वीं कक्षा का परिणाम घोषित कर दिया। इसमें 66 प्रतिशत छात्र पास हुए। इस बार 44226 छात्र परीक्षा के लिए पंजीकृत हुए थे जिसमें से 28996 छात्रों ने परीक्षा दी। 7744 छात्रों ने डिस्टिंकशन, 11984 छात्रों ने फर्स्ट डिविजन हासिल की।
मदर इंडिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल आरएस पूरा के छात्रों ने 116 डिस्टिंकशन और 115 फर्स्ट डिविजन हासिल की। जिसमें साइंस स्ट्रीम में स्कूल की अमीशा शर्मा ने 97.6 प्रतिशत और सुनिधि अग्रवाल ने 96 प्रतिशत अंकों के साथ पोजिशन हासिल की। कामर्स में याशिका ने 93.6 प्रतिशत अंक और अंजलि देवी ने 92.4 प्रतिशत अंक हासिल किए।
जम्मू एंड कश्मीर स्टेट बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (JKBOSE) ने जम्मू डिवीजन के लिए हायर सेकेंडरी पार्ट-1 (कक्षा 11वीं) के परिणाम की घोषणा कर दी है। परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए गए हैं।
इसके पहले जम्मू एंड कश्मीर स्टेट बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (JKBOSE) कश्मीर डिवीजन के लिए 11वीं के परिणाम जारी कर चुका है। इसमें एसआरएम वेल्किन हायर सेकेंडरी स्कूल सोपोर के तहनियत शेख ने पहली रैंक हासिल की थी। कॉमर्स संकाय से पढ़ाई कर उन्हें 500 में से 493 अंक मिले थे।
ऐसे डाउनलोड कर सकते हैं अपना परिणाम
- JKBOSE की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- होमपेज पर पार्ट-1 HS रिजल्ट 2019 पर क्लिक करें।
- नया पेज खुलेगा। यहां अपना रोल नंबर दर्ज कर लॉग-इन करें।
- सबमिट बटन पर क्लिक करते ही आपका परिणाम स्क्रीन पर होगा।
- इसे डाउनलोड कर इसका एक प्रिंट भविष्य के लिए सुरक्षित रख लें। यह प्रिंट आउट प्रोविजनल मार्कशीट के तौर पर भी काम करेगा।