26 जनवरी से सात फरवरी तक खेले जाएंगे प्रतियोगिता के लीग मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (जेकेसीए) ने महिला अंडर-23 एक दिवसीय ट्रॉफी के लिए वीरवार को 16 सदस्यीय जेएंडके टीम की घोषणा की। सुरभी दधिची की अध्यक्षता में सीनियर महिला चयन समिति ने टीम का चयन किया है। इसमें चित्रा सिंह जम्वाल को ओडिशा और सौराष्ट्र के खिलाफ पहले दो मुकाबलों के लिए टीम की कमान सौंपी गई है। अन्य मुकाबलों में अनन्या शर्मा टीम की कमान संभालेंगी।
26 जनवरी से सात फरवरी तक टीम सात लीग मुकाबले खेलेगी। जम्मू-कश्मीर की सीनियर महिला टीम 26 जनवरी को ओडिशा के खिलाफ एमआईजी क्रिकेट क्लब मुंबई में प्रतियोगिता का आगाज करेगी। इसके बाद अगले दो मुकाबले टीम सचिन तेंदुलकर जिमखाना कांदिवली मुंबई में 28 जनवरी को सौराष्ट्र के खिलाफ और 30 जनवरी को हरियाणा के खिलाफ खेलेगी। जम्मू-कश्मीर टीम अगला मुकाबला एक फरवरी को राजस्थान के खिलाफ एमआईजी क्रिकेट क्लब मुंबई में खेलेगी। शरद पवार क्रिकेट अकादमी बीकेसी मुंबई में तीन फरवरी को सिक्किम के खिलाफ और पांच फरवरी को मिजोरम के खिलाफ खेलेगी। जम्मू-कश्मीर महिला टीम लीग का अंतिम मुकाबला सात फरवरी को गोवा के खिलाफ दादोजी कोंदेव स्टेडियम थाने होगा।
घोषित 16 सदस्यीय टीम
चयनित खिलाड़ियों में अनन्या शर्मा (उपकप्तान), अन्वी सिंह, चित्रा सिंह जम्वाल (कप्तान- केवल पहले दो मैचों के लिए), ललिता रानी (विकेटकीपर), मारिया नुरैन, सेहरिश तारिक, बवनदीप कौर, शीना सराफ, काजल भगत, अरवीन रियाज, खुशबू अफताब, मान्या बनोत्रा, शांभवी राजपूत, अदिति आर्यन, आयुषी अंबरदार और मारूफ अंजूम शामिल हैं। चित्रा सिंह जम्वाल सिर्फ पहले दो मैचों के लिए टीम का हिस्सा होंगी। उसके बाद अनन्या शर्मा टीम की कप्तान होंगी।