संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। प्रदेश के स्कूलों में चौथी कक्षा के छात्र अंग्रेजी पाठ्यक्रम में मानसर झील का भ्रमण करेंगे। यानी अन्य 15 इकाई के साथ मानसर झील के बारे में भी पढ़ेंगे। राज्य शैक्षणिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद की ओर से अंग्रेजी का नया शैक्षणिक कैलेंडर सह-पाठ्यक्रम जारी कर दिया है। पाठ्यक्रम नई शिक्षा नीति पर आधारित है। इसमें गद्य और पद्य दोनों विधाओं की 16 इकाई निर्धारित की गई हैं। द नटी बॉय, द एलिफेंट एंड द माइस, अगेंस्ट आइडलनेस एंड मिसचीफ, फ्रॉम एलाइस इन वंडरलैंड, द आरो एंड द सांग, रिटन इन मार्च और एडवेंचर इन द फर्स्ट इकाई पाठ्यक्रम में शामिल की गई है।
अंग्रेजी में मौखिक व लिखित जवाब देना सीखेंगे छात्र
पाठ्यक्रम के मुताबिक छात्र उपयुक्त भाव के साथ काव्य पाठ करना, लघु नाटक में विभिन्न भूमिकाएं निभाना, सरल निर्देशों का जवाब, कक्षा या स्कूल में अंग्रेजी में घोषणाएं, मौखिक व लिखित रूप से जवाब, दिन-प्रतिदिन के अनुभवों पर आधारित प्रश्न, लेख, कहानी या कविता सुनने और पढ़ने के बारे में जानेंगे। साथ ही मौखिक व लिखित का संक्षेप में वर्णन, टीवी पर उपशीर्षक, किताबों के शीर्षक, समाचार पढ़ना, सुर्खियां, पर्चे और विज्ञापन, अंग्रेजी में पहेलियां और रोचक बातें साझा करना, वर्तनी जानने के लिए शब्दकोश का उपयोग करना, छोटे अनुच्छेदों का श्रुतलेख लिखना, वाक्य संरचना बनाना, विराम चिह्नों आदि के प्रयोग का ज्ञान लेकर कौशल को मजबूत बनाएंगे।