जम्मू कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने सचिवालय और अन्य सरकारी कार्यालयों को कामकाज शुरू करने के लिए निर्देश दिया है। इसके साथ ही प्रतिबंधों में ढील देने की अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इससे पहले गुरुवार को राजभवन के एक प्रवक्ता ने बताया कि राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने गुरुवार शाम सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद सरकारी सचिवालय एवं अन्य कार्यालयों में सामान्य कामकाज बहाल किए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि सरकार जुम्मे की नमाज के दौरान हालात पर नजर रखेगी और इसी के आधार पर आम लोगों के लिए भी प्रतिबंधों में ढील देने पर विचार किया जाएगा।
आपको बता दें कि राज्यपाल ने अमरनाथ यात्रा के समापन की भी समीक्षा की जोकि अमरनाथ गुफा मंदिर में भगवान शिव की पवित्र गदा (छारी) की पूजा के बाद गुरुवार को औपचारिक रूप से बंद कर दी गई थी। बुधवार को एक हेलिकॉप्टर द्वारा गदा को पवित्र गुफा में ले जाया गया और पूजा के बाद वापस श्रीनगर लाया गया।