फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

JK Election: जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट, 27 को कांग्रेस का मंथन, भाजपा ने प्रभारी उतारा

Wed, 19 Jun 2024 05:19 PM IST
kumar गुलशन कुमार अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू

सार

कांग्रेस ने 27 जून को एक अहम बैठक बुलाई है। इसमें जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव को लेकर मंथन होगा और चुनावी नीति तय की जाएगी।
विज्ञापन
चुनाव - फोटो : एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट होने लगी है। चुनाव आयोग ने भी इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी है। इसी बीच कांग्रेस ने 27 जून को एक अहम बैठक बुलाई है। इसमें जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव को लेकर मंथन होगा और चुनावी नीति तय की जाएगी। उधर, भाजपा ने केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी को जम्मू कश्मीर का चुनाव प्रभारी घोषित कर दिया है। साथ ही पार्टी ने चुनावी तैयारियों को लेकर कमर कस ली है।

विज्ञापन


दस साल पहले हुए थे जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव

2019 में अनुच्छेद 370 हटने के बाद और राज्य से केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद जम्मू कश्मीर में पहले विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। प्रदेश में आखिरी बार विधानसभा चुनाव दस साल पहले यानी 2014 में हुए। उस समय बनी भाजपा-पीडीपी की सरकार 2018 में बिखर गई थी।

हाल ही में चुनाव आयोग (ईसी) ने राजनीतिक दलों से कहा है कि वे अपने उम्मीदवारों के लिए सामान्य प्रतीकों के लिए सामान्य प्रतीक के इस्तेमाल के लिए आवेदन शुरू कर दे।

विज्ञापन

जी कृष्ण रेड्डी और रविंद्र रैना - फोटो : एक्स/रविंद्र रैना
27 जून को कांग्रेस करेगी चर्चा

कांग्रेस ने झारखंड, महाराष्ट्र और हरियाणा के अलावा केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों को लेकर कमर कसना शुरू कर दी है। 27 जून को रणनीतिक बैठक कर जम्मू-कश्मीर पर चर्चा होगी। इससे पहले 24 जून को झारखंड, 25 जून को महाराष्ट्र और 26 जून को हरियाणा पर मंथन किया जाना है।

हरियाणा और महाराष्ट्र में अक्तूबर-नवंबर और झारखंड में नवंबर-दिसंबर में चुनाव प्रस्तावित हैं। वहीं चुनाव आयोग की तरफ से जम्मू-कश्मीर सितंबर के बाद कभी भी चुनाव कराने के संकेत दिए जा चुके हैं। इसके चलते लोकसभा के बाद राज्यों में भी प्रदर्शन सुधारने की रणनीति बनाने के उद्देश्य से पार्टी यह कवायद शुरू कर रही है।

रणनीतिक बैठकों के बाबत पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा लोकसभा चुनावों में मिली सफलता को आगे बढ़ाते हुए विधानसभा चुनावों में इसे और शानदार बनाने के लिए प्रयास जारी हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी चुनावी राज्यों के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक में पार्टी को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।

खरगे और राहुल गांधी - फोटो : एएनआई
विस चुनावों में बसपा अधिकतर सीटों पर उतारेगी उम्मीदवार

लोकसभा चुनाव में प्रदर्शन की समीक्षा और आगामी विस चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने सतवारी में बैठक आयोजित की। बैठक में फैसला लिया की पार्टी जम्मू-कश्मीर की अधिकतर विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।

बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश कोऑर्डिनेटर एवं पूर्व सांसद राजाराम ने कहा कि लोकसभा सीट पर अपने उम्मीदवार उतारने से पार्टी को लोगों का सहयोग मिला है। हमारे उम्मीदवार जीत हासिल नहीं कर पाए, लेकिन विधानसभा चुनाव में पार्टी मजबूती के साथ उतरेगी। उन्होंने पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से चुनाव के लिए तैयारी शुरू करने को कहा।

बहुजन समाज पार्टी के जम्मू कश्मीर अध्यक्ष दर्शन राणा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भी पार्टी ने पूरी रणनीति के साथ हिस्सा लिया था और विधानसभा चुनाव में भी पार्टी मजबूती एवं रणनीति के साथ हिस्सा लेगी। बैठक में बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश महासचिव शशि भूषण थापा, प्रदेश कोऑर्डिनेटर गौरव, सरदार राजा सिंह, बिशन दास भगत, तिलक राज भगत, जगदीश भगत व अन्य लोग बैठक में थे।
विज्ञापन

भाजयुमो कश्मीर विस्थापित में कई युवा शामिल

जम्मू के कच्ची छावनी स्थित भाजपा कार्यालय में मंगलवार को कार्यक्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) कश्मीर विस्थापित जिला में कई युवा शामिल हुए। जिला अध्यक्ष चांद भट ने संगठन के कामकाज के बारे में जानकारी दी। कहा कि हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में कश्मीरी पंडितों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर विश्वास जताया है। उन्होंने नए सदस्यों को भरोसा दिलाया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में कश्मीरी पंडित सम्मान और गरिमा के साथ घाटी में लौटेंगे। ऐसे में भाजपा ने कश्मीरी पंडितों का भाजपा पर अटूट विश्वास बनाए रखने के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें