पीएमओ में राज्य मंत्री डा. जितेंद्र सिंह
- फोटो : File Photo
पीएमओ में राज्य मंत्री डा. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है। केंद्र सरकार के लिए मसला केवल पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर के हिस्से को वापस लेने का है। कला केंद्र जम्मू में मोदी मेले में पहुंचे डा. जितेंद्र सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 1994 में संसद में सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव में साफ कहा गया है कि पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले जम्मू कश्मीर के हिस्से को वापस लिया जाएगा।
इसी नीति पर मोदी सरकार काम कर रही है। अलगाववादियों और आतंकवादियों को हवाला के माध्यम पाकिस्तान से फंड मिलने के मामले में एनआईए की छापेमारी के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वे सब चेहरे बेनकाब होंगे जो अलगाववाद और आतंकवाद को फलने-फूलने में मदद कर रहे थे।
ब्रिटेन में हुए बम धमाकों पर सिंह ने कहा कि आतंकवाद को लेकर भारत की चिंताओं को अब विश्व के प्रमुख देश समझने लगे हैं। कश्मीर का युवा शांति और विकास के साथ है। मुट्ठी भर लोग युवाओं को बरगलाने का काम करते हैं, लेकिन वह वे कामयाब नहीं होंगे और कश्मीर में शांति स्थापित होगी। लखनऊ में पूर्व केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद की मौजूदगी में कांग्रेस के कार्यक्रम में जम्मू कश्मीर को विवादित हिस्सा बताए जाने के सवाल पर डा. जितेंद्र ने कहा कि उन्हें इस मामले पर बस इतना कहना है कि देश के राजनीतिक दलों को राष्ट्र की एकता और अखंडता के मामले में एक सोच अपनानी चाहिए।