भाजपा की बैठक में बोलते डा. जितेंद्र सिंह
- फोटो : संवाद
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सक्षम नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 व 35ए को हटाकर विकास की राह में सभी बाधाओं को दूर कर दिया है। सभी केंद्रीय कानून भी अब जम्मू कश्मीर में लागू हो रहे हैं। वहीं संविधान के 73वें व 74वें संशोधन को लागू कर पंचायतों और स्थानीय निकायों को सही मायने में सशक्त करने का काम हुआ है।
पटनीटॉप में भाजपा की तीन दिवसीय प्रशिक्षण बैठक के दूसरे दिन अपने संबोधन में डॉ. जितेंद्र सिंह ने यह बात कही। इस अवसर पर विदेश नीति के अलावा रक्षा क्षेत्र में हुए कार्य के अलावा संगठनात्मक मुद्दों पर विशेष तौर पर चर्चा हुई। डॉ. जितेंद्र सिंह ने जम्मू कश्मीर में एम्स, सड़क परियोजनाओं, राष्ट्रीय स्तर के शिक्षण संस्थानों का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है।
कश्मीर में पत्थरबाजी की घटनाओं में रिकार्ड कमी आई है। राष्ट्रीय सचिव डॉ. नरेंद्र सिंह ने राष्ट्र निर्माण में भाजपा की भूमिका को दर्शाया। उन्होंने कहा, भाजपा राष्ट्रवाद को मजबूत करने का काम कर रही है। प्रदेश सह प्रभारी आशीष सूद, प्रभारी तरुण चुघ के अलावा पूर्व सांसद शमशेर सिंह मन्हास ने भी विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रकट करते हुए पार्टी नेताओं को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
राकेश शर्मा ने देश की रक्षा नीति पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान प्रवक्ता आरएस पठानिया, अंकित गुप्ता के अलावा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना, सांसद जुगल किशोर शर्मा, महासचिव संगठन अशोक कौल, पूर्व उपमुख्यमंत्री कवींद्र गुप्ता आदि भी मौजूद रहे।