अधिकारी बोले- मेला स्थल तक नहीं जा सकतीं बड़ी गाड़ियां, छोटे वाहन लगातार लगे हैं
संवाद न्यूज एजेंसी
मिश्रीवाला। झिड़ी में मेला स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पांच दिनों में चार लाख से अधिक लोग आ चुके हैं। इस दौरान साफ-सफाई की समस्या खड़ी हो गई है। गंदगी बीमार न कर दे इसे लेकर श्रद्धालु परेशान हैं। अधिकारियों का कहना है कि गाड़ियां लगी हैं, जल्द ही इसे साफ कर लिया जाएगा।
श्रद्धालुओं का कहना है कि मेला स्थल पर कूड़ेदान की कमी से लोग खाने-पीने की चीजों के बाद प्लेट, कागज और प्लास्टिक यहां-वहां फेंक रहे हैं। कुत्ते और पक्षी कचरे को इधर-उधर बिखेर रहे हैं जिससे दुर्गंध फैल रही है।
अन्य राज्यों से आए श्रद्धालुओं के ठहरने वाली जगहों पर तो कचरे के बड़े-बड़े ढेर लगे हैं। इनके पास ही लंगर और खाने-पीने के स्टॉल हैं। मुख्य मार्गों पर तो रोज सफाई हो रही है लेकिन खुले मैदानों, दुकानों और स्टॉल के पीछे गंदगी का आलम यह है कि पैर रखना मुश्किल हो रहा है। पंजाब से आए श्रद्धालुओं नीरज सिंह, सुखजीत सिंह, कांता शर्मा, हैप्पी सिंह, संदीप कुमार और महिंदर सिंह ने बताया कि बाबा तालाब में स्नान के बाद झिड़ी आने वाले हर श्रद्धालु के लिए डस्टबिन की सुविधा जरूरी है लेकिन प्रशासन यह भूल गया। दुकानदारों और श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तुरंत अतिरिक्त सफाई कर्मी तैनात करें। डस्टबिन लगवाएं और फॉगिंग करवाएं। अन्यथा यह धार्मिक आयोजन श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का सबब बन जाएगा।
-
आज सारा कचरा साफ करवा दिया जाएगा
एसडीएम मढ़ पल्लवी मिश्रा का कहना है कि मेला स्थल बहुत बड़ा है। पांच दिनों में ही चार लाख से अधिक लोग आए हैं। मेला स्थल की सफाई चल रही है। रविवार तक सारा कचरा साफ करने का प्रयास किया जा रहा है। मेला स्थल पर टनों के हिसाब से कचरा पड़ा है और हमारे ऑटो छोटे हैं क्योंकि बड़ी कचरे की गाड़ी इतनी भीड़ में मेले के अंदर लाना संभव नहीं इसीलिए सारा कचरा साफ होने में थोड़ा वक्त लगेगा।