अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू विकास प्राधिकरण (जेडीए) से प्लॉट एवं आवासों के दस्तावेज और फाइलें गायब होने का मामला क्राइम ब्रांच तक पहुंच गया है, लेकिन इससे पहले हुई जांच पर कई सवाल उठ रहे हैं। 2021 में विभागीय जांच में रिकॉर्ड रूम के तीनों डिवीजनों से 16 कर्मचारियों की संलिप्तता सामने आई। इसके बावजूद रिपोर्ट दबा दी गई। एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है, जिसमें बताया है कि जेडीए सचिव साहिल जंडियाल ने भी जून 2022 में अपने स्तर पर जांच कराई। तब भी कार्रवाई के बजाय मामला रफा-दफा कर दिया गया।
हैरानी की बात है कि दो साल पहले की रिपोर्ट के आधार पर किसी पर एक्शन नहीं लिया गया जबकि दूसरी बार जांच कर नई रिपोर्ट बना दी गई। यही नहीं, जिम्मेदारों ने बचने के लिए डुप्लीकेट फाइलों के बनने पर रोक लगा दी थी। कहा गया कि बिना अनुमति के कोई डुप्लीकेट दस्तावेज नहीं बनेगा। इसके बाद आंखें बंद कर ली। आवंटन दस्तावेजों को गायब करने के फर्जीवाड़े में साफ है कि अफसरों और कर्मचारियों ने मिलकर गोलमाल किया है और चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए जांच ठंंडे बस्ते में डाल दी। मामले की परतें खुलने के बाद शहरी विकास विभाग के प्रमुख सचिव ने छह सदस्यीय टीम बनाई। टीम को जांच करने के साथ नए दस्तावेज तैयार करने के निर्देश दिए। अब फिर दो बार पड़ताल होगी, मगर इस बार कार्रवाई होने की संभावना है।
ऐसे समझें मामला
जेडीए में 2014 से लेकर 2019 तक साल दर साल आवंटन के दस्तावेज गायब होते रहे, मगर रिकॉर्ड रूम में तैनात करीब दो हजार कर्मचारियों को भनक तक नहीं लगी। आवंटियों को 2020 में फाइलों के गुम होने की जानकारी मिली तो विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कमेटी बनाकर जांच कराई गई। करीब 350 फाइलों और दस्तावेजों गुम होने का खुलासा हुआ। इस दौरान कुछ आवंटियों को डुप्लीकेट फाइलें बनाकर दी गईं।
गायब फाइलों के मामले की विभागीय जांच करवाई गई। जिसके बाद डुप्लीकेट फाइलें बनाने पर रोक लगा दी गई। कमेटी ने रिपोर्ट सौंपी थी। अब क्राइम ब्रांच मामले में छानबीन करेगी।
- साहिल जंडियाल, सचिव, जेडीए