अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने जम्मू तहसील के गांवों में वीरवार को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। भारी पुलिस बल के साथ अधिकारियों ने कब्जों पर कार्रवाई की। जेसीबी की मदद से ढांचे ढहाए गए। मौके पर कुछ लोग एकत्रित हो गए, मगर टीम की कार्रवाई जारी रही।
दरअसल, जेडीए की जमीन पर अतिक्रमण की शिकायतें आ रही थीं। इसके चलते अधिकारियों ने टीम गठित की। इसके बाद गांव मजीन और रंगूड़ा में 80 कनाल भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। भारी पुलिस बल के साथ चलाए अभियान में 30 कुल्ले और 12 पक्के ढांचे गिराए गए। साथ ही जेडीए ने अपनी भूमि पर साइन बोर्ड लगाकर फेंसिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी। अतिक्रमणकारियों को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
अभियान में एसडीजीओ जम्मू ईस्ट, एसएचओ बाग-ए-बाहू, एसडीपीओ और एसएचओ नगरोटा के साथ तहसीलदार जेडीए के नेतृत्व में भारी पुलिस मुलाजिमों की तैनाती की गई थी ताकि अतिक्रमणकारी विरोध न कर पाए। जेडीए ने जेसीबी की मदद से बारी-बारी सभी पक्के ढांचे गिरा दिए। अतिक्रमणकारियों ने जेडीए की भूमि पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण कर लिया था, जिससे कई स्थानों पर भूमि को खाली करवाना चुनौती बन रहा था।
जेडीए की ओर से गांव मजीन और रंगूड़ा में अतिक्रमण कर बनाए गए पक्के ढांचे गिराए गए।