डीपीएपी ने अखनूर के स्टील ब्रिज के पास आयोजित किया कार्यक्रम
आम आदमी पार्टी के नेता रतन लाल सैकड़ों समर्थकों को साथ लेकर डीपीएपी में शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। कस्बे के स्टील ब्रिज के पास आयोजित डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी के कार्यक्रम में पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की जनता इन दिनों काफी दिक्कतों का सामना कर रही है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, महंगाई इस कदर हावी है कि गरीब परिवारों से रोजमर्रा की चीजें दूर हो गई हैं।
कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के नेता सेवानिवृत्त इंजीनियर रतन लाल ने सैकड़ों समर्थकों के साथ त्यागपत्र देकर डीपीएपी का दामन थामा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में उनके कार्यकाल में हर क्षेत्र में विकास किया गया। नए जिले, उप जिले, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और डिग्री कॉलेज बनाए गए। वर्तमान में हालात बदले हैं। किसी भी क्षेत्र में विकास कार्य नाममात्र ही किए जा रहे हैं। सब ठेकेदार अन्य राज्यों में कार्य कर रहे हैं। रेत, बजरी, पत्थर और वन संपदा सब पर इन्हीं लोगों का कब्जा है। नए संसद भवन पर उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले ही कहा कि इस भवन की जरूरत थी। इसलिए इसका समर्थन किया है। जो लोग आज पार्टी के साथ आ रहे हैं, उनका विश्वास कायम रखेंगे।
मौके पर पूर्व मंत्री आरएस चिब ने कहा कि राज्य के लोगों को कई प्रकार की मूलभूत सुविधाएं से वंचित रहना पड़ रहा है। बेरोजगारी चरम पर है। युवा वर्ग काफी निराश है। इस अवसर पर जुगल किशोर, गारू राम, लखवीर सिंह, आदि मौजूद थे।