लद्दाख से भाजपा सांसद जामियांग सेरिंग नामग्याल ने शनिवार को कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को लद्दाख आने का न्योता भेजेंगे। साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री व गृह मंत्री के जवाब का इंतजार रहेगा। नामग्याल ने कहा कि हम उनके लिए और उन सभी लोगों के लिए एक भव्य उत्सव की योजना बना रहे हैं जिन्होंने लद्दाख के लिए अलग स्थिति बनाई है। हमने इस पल के लिए 70 साल इंतजार किया है।
इससे पहले आज ही उन्होंने कहा था कि मुझे खुशी है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लिए गए फैसले के कारण लद्दाख की चर्चा यूएन में हो रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले जब कांग्रेस सत्ता में थी तब लद्दाख की संसद में भी चर्चा नहीं हुई थी। बता दें कि नामग्याल जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने पर बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अपने क्षेत्रों को कैसे विकसित करती है, यह एक आंतरिक मामला है। अगर पड़ोसियों को इससे कोई समस्या है तो हम कुछ नहीं कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि लद्दाख भारत का अभिन्न अंग है, यह भारत के अमूल्य रत्नों में से एक है, इसे कैसे संभालना है यह भारत का एक आंतरिक मामला है।