आज से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बिगड़ेगा मौसम, बारिश और बर्फ के आसार
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू/श्रीनगर। विश्व विख्यात पर्यटन स्थल गुलमर्ग सहित अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में बुधवार तीसरे दिन भी बर्फबारी हुई। कश्मीर के मैदानी इलाकों में बूंदाबांदी से मौसम सुहावना हो गया है, लेकिन जम्मू समेत संभाग के इलाकों में तपिश बढ़ी है।
प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रात का पारा सामान्य से दो से पांच डिग्री ऊपर चल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 13 से 15 मार्च के बीच कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। कश्मीर के पर्वतीय क्षेत्रों में निरंतर बर्फबारी से ठंड कायम है। माच्छिल, गुरेज और अन्य कुछ ऊपरी इलाकों में बर्फबारी हुई है।
24 घंटे के दौरान कुपवाड़ा में 11.2 मिलीमीटर, पहलगाम में 7.4 मिमी, गुलमर्ग में 5 मिमी, श्रीनगर में 4.8 मिमी, काजीगुंड में 3.4 मिमी और कोकरनाग में 2.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। राजधानी श्रीनगर में दिन का पारा 15.2 और न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहलगाम में अधिकतम तापमान 8.0 और गुलमर्ग में 3.2 डिग्री और न्यूनतम माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जम्मू का 3.9 डिग्री चढ़ा पारा
जम्मू में दिनभर धूप खिले रहने से पसीने छूटने लगे हैं। यहां दिन का पारा सामान्य से 3.9 डिग्री चढ़कर 29.5 और न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल में अधिकतम तापमान 13.8, बटोत में 13.7, कटड़ा में 25.0, भद्रवाह में 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में अधिकतम तापमान 7.4 और न्यूनतम पारा माइनस 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लोगों को एडवाइजरी के तहत सफर करने की सलाह
आगामी मौसम को देखते हुए यात्रियों, पर्यटकों और ट्रांसपोर्टरों को प्रशासन/यातायात एडवाइजरी के तहत सफर करने की सलाह दी गई है। हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षा की दृष्टि से सतर्क रहने को कहा गया है।