जम्मू।
एंटी करप्शन ब्यूरो ने रिश्वत मामले में अकलपुर जम्मू के पूर्व पटवारी अनिल कुमार शर्मा के खिलाफ चालान पेश कर दिया। आरोपी अखनूर के सुंगल मोड़ का रहने वाला है। 2018 में वह रिश्वत लेता हुआ दबोचा गया था। सरूरा के रहने वाले जैमल सिंह ने एसीबी के पास शिकायत की थी। बताया कि आरोपी उसकी जमीन का फर्द काटने के लिए 20 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। एसीबी ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया और आरोपी को 10 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। शुक्रवार को इस मामले में दो साल की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ चालान पेश कर दिया। अब आगे की कार्रवाई स्पेशल कोर्ट एसीबी में होगी।