अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शुक्रवार को आए तूफान के बाद बिजली बहाल होने के बावजूद आधे से ज्यादा शहर में पेयजल की किल्लत रही। इससे रोजमर्रा के काम प्रभावित हुए। लोग सुबह से पानी आने का इंतजार करते रहे, मगर देर शाम तक पानी नहीं आया।
हालांकि जल शक्ति विभाग के कर्मचारी समस्या का निदान करने में लगे रहे। पानी न आने पर लोगों ने निजी टैंकर शुल्क देकर मंगवाए।
शहर के गांधी नगर सेक्टर-9, छन्नी हिम्मत के सेक्टर-3, 5 और 7, वार्ड नंबर-6 के अपर गुज्जर नगर और लोअर गुज्जर नगर, पुराने शहर के जुलाखा मोहल्ला, जानीपुर, राजपुरा, राजपुरा चौंक, सुजवां, बठिंडी, नरवाल, सिद्दड़ा, मझीन, तालाब तिल्ला, बिक्रम चौक, भगवती नगर सहित अधिकांश इलाकों में पानी की किल्लत रही।
जल शक्ति विभाग के अनुसार, गुरुवार को अलग-अलग इलाकों में अलग-अलग समय पर बिजली बहाल हुई। जहां सुबह आपूर्ति हुई, वहां पानी स्टोर करने का काम शुरू हो गया। जहां रात को बिजली आई, वहां पानी स्टोर नहीं हो पाया। इस कारण शुक्रवार को पूरे शहर में पानी की किल्लत रही। राजपुरा चौंक में ट्यूबवेल खराब होने से पानी नहीं आया। वहीं सेक्टर-9 गांधी नगर में ट्यूबवेल की मोटर खराब हो गई। पानी न आने से करीब छह लाख लोग परेशान रहे।
600 से ज्यादा कॉल आए टैंकर के लिए: शहर में शुक्रवार को पानी के लिए 700 से ज्यादा कॉल आए। इनमें से 250 कॉल पर ही पानी की आपूर्ति हो सकी। लोगों ने निजी टैंकरों से पानी मंगवाया। पानी भरवाने के लिए पंप हाउसों में निजी टैंकरों की भीड़ लगी रही।