कोरोना महामारी के बीच जम्मू यूनिवर्सिटी में अगले दो साल फीस की बढ़ोतरी नहीं करने का फैसला किया गया है। पहले हर साल दस फीसदी बढ़ोतरी का प्रावधान था। शुक्रवार को जम्मू यूनिवर्सिटी एकेडमिक काउंसिल की मैराथन नौ घंटे तक चली ऑनलाइन बैठक में फीस समेत कई अन्य महत्वपूर्ण फैसलों को मंजूरी दे दी गई।
यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो. मनोज धर की अध्यक्षता में काउंसिल ने शैक्षिक सत्र 2019-2020 के एकेडमिक कैलेंडर के संशोधन को भी मंजूरी दे दी। ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट कक्षाओं को लेकर परीक्षा नियंत्रक जल्द अलग से विस्तृत सूचना जारी करेंगे। यूनिवर्सिटी हर साल पूर्व डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. शैलेंद्र सिंह जम्वाल की याद में डिबेट ट्रॉफी प्रतियोगिता करवाएगी। काउंसिल सदस्यों ने कोरोना महामारी की चुनौती पर विस्तृत चर्चा करने के बाद नए कोर्स, विभाग, निदेशालय और अन्य फैसलों को स्वीकृति दे दी।
यह कोर्स, विभाग और निदेशालय खुलेंगे
जर्नलिज्म एंड मीडिया स्टडीज, डिपार्टमेंट आफ फिलॉसफी, हिंदी निदेशालय, दो वर्ष का एमबीए एक्जीक्यूटिव प्रोग्राम, डिप्लोमा इन म्यूजोलॉजी एंड आर्केलॉजी, रिसर्च क्लस्टर, सात सेंटर आफ एक्सीलेंस खुलेंगे। एलुमनी एसोसिएशन आफ जम्मू यूनिवर्सिटी (संविधान सहित) को भी स्वीकृति मिल गई।