जम्मू विश्वविद्यालय सात साल बाद नॉर्थ जोन यूथ फेस्टिवल की मेजबानी करने जा रहा है। विवि में 31 जनवरी से चार फरवरी तक महोत्सव होगा। इसमें 50 विश्वविद्यालयों से करीब 2500 छात्र, शिक्षक, निर्णायक मंडल के सदस्य और विशेषज्ञ शामिल होंगे। विश्वविद्यालय में कार्यक्रम करवाने की व्यवस्थित रूप से तैयारी जारी है। अधिष्ठाता छात्र कल्याण की अध्यक्षता में समितियां गठित की जा रही हैं, ताकि बाहरी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों सहित विश्वविद्यालय के अधीन कॉलेजों से आए छात्रों व शिक्षकों को किसी तरह की कमी महसूस न हो।
सूत्रों के अनुसार, दिसंबर के पहले सप्ताह तक समितियां गठित की जाएंगी, जिन्हें खाने, आवास और कार्यक्रम आदि की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। उसके बाद निविदाएं भी जारी कर दी जाएंगी। कुछ ही दिनों में विश्वविद्यालयों को निमंत्रण पत्र भेजा जाएगा।
प्रत्येक विश्वविद्यालय से 45 प्रतिभागियों से पंजीकरण करवाया जाएगा। विश्वविद्यालय की साइट पर पंजीकरण फार्म उपलब्ध होगा। इसमें दिए गए विकल्पों के अनुसार प्रतिभागी पंजीकृत हो सकते हैं, जो विभिन्न प्रकार की 27 प्रतियोगिताओं में अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में संगीत, नृत्य, थियेटर आदि प्रतियोगिताएं होंगी। प्रत्येक प्रतियोगिता में पहला और दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे। जानकारी के मुताबिक राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता बंगलूरू में होगी। इसमें नॉर्थ जोन की प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
वैष्णवी धाम में ठहरेंगे प्रतिभागी
जम्मू विश्वविद्यालय को कई वर्षों बाद यूथ फेस्टिवल करवाने का मौका मिला है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, पंजाब, उत्तराखंड के विश्वविद्यालय इस कार्यक्रम में भागीदार होंगे। जम्मू के वैष्णवी धाम में ठहरने की व्यवस्था की जाएगी।
सांस्कृतिक गतिविधियां भी पाठ्यक्रम का हिस्सा
जो अभ्यर्थी विभिन्न प्रकार की गतिविधियों में भाग लेंगे, उन्हें प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। दाखिले की मेरिट सूची तैयार करते समय उनके अतिरिक्त अंक जोड़े जाएंगे। खेल, नृत्य, संगीत आदि कलाओं को प्रदर्शित करने वाले छात्र लाभान्वित होंगे। इस दिशा में काम चल रहा है। विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों का कहना है कि विभिन्न प्रकार की गतिविधियां भी पाठ्यक्रम का हिस्सा हैं।