फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu News: जम्मू विश्वविद्यालय के छात्र की संदिग्ध हालात में हॉस्टल की छत से गिरकर मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन




जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय के जंबू लोचन हॉस्टल की तीसरी मंजिल से संदिग्ध हालात में गिरकर एलएलबी द्वितीय वर्ष के छात्र विशाल भारद्वाज की मंगलवार देर रात मौत हो गई। सामने आए सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि रात 11 बजे भारद्वाज रेलिंग के पास अकेले खड़े थे। इसी दौरान वह लड़खड़ाकर नीचे जा गिरे।
मृत छात्र विशाल भारद्वाज कटड़ा का रहने वाला था। छात्र के गिरते ही वहां अन्य छात्र एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही होस्टल के वार्डन और रेजिडेंट वार्डन समेत कई लोग मौके पर पहुंचे। हाॅस्टल में खड़ी एक कार में छात्र को जीएमसी ले जाया गया। अस्पताल में डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन

इसके बाद रात में ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्र के परिजन को इसके बारे सूचना दे दी। वे जम्मू पहुंचे। बुधवार सुबह कुलपति व विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों और परिवार की मौजूदगी में पोस्टमार्टम हुआ। शाम को कटड़ा में इन्हीं लोगों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया।
जम्मू के गांधीनगर पुलिस थाने में संदिग्ध मौत का मामला दर्ज किया गया है। गांधीनगर थाने के एसएचओ अरुण कुमार का कहना है कि संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल, कोई विशेष जांच टीम नहीं बनी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मामले की पूरी जानकारी देंगे।


घटना के वक्त अकेला ही था छात्र



सीसीटीवी फुटेज में सामने आया है कि घटना के वक्त वह अकेला ही था। हालांकि, वह दो अन्य साथियों के साथ कमरे में रहता था। दोनों साथी घटना के दिन कमरे में नहीं थे। वे भद्रवाह में टूर पर गए हुए थे। छात्र के गिरते ही वहां अन्य छात्र एकत्र हो गए, जिन्हाेंने वार्डन को इसकी जानकारी दी।

निजी कार में ले जाया गया जीएमसी



घटना के तुरंत बाद वार्डन मौके पर पहुंचे। गिरते समय छात्र का सिर सीधा जमीन से टकराया था। इससे काफी खून बह गया। उसे तत्काल घटनास्थल पर खड़ी एक कार से अस्पताल ले जाया गया।


मोबाइल फोन व कुछ अन्य सामान जब्त
पुलिस ने मृतक छात्र विशाल का मोबाइल फोन समेत कुछ अन्य सामान को जांच के लिए जब्त कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचे कई छात्राें, होस्टल के वार्डन और अन्य से पूछताछ की है।

जरूरत पड़ने पर बनेगी जांच कमेटी

जम्मू विश्वविद्यालय की प्रवक्ता मानसी मट्टू का कहना है कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। विवि प्रशासन इसमें पूरा सहयोग कर रहा है। यदि जरूरत पड़ी तो विवि स्तर पर भी जांच कमेटी बनाई जा सकती है। कुलपति समेत तमाम अधिकारी इसे लेकर गंभीर हैं।


कुलपति कार्यालय के बाहर प्रदर्शन, एंबुलेंस 40 मिनट देरी पहुंचने का आरोप

इस घटना को लेकर विश्वविद्यालय के कानून विभाग समेत अन्य विभागों के छात्रों ने कुलपति कार्यालय के बाहर जमा होकर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि एंबुलेंस 40 मिनट बाद घटनास्थल पर पहुंची। आरोप लगाया कि वार्डन भी तत्काल मौके पर नहीं पहुंचे। कहा कि छात्र को अस्पताल में ले जाने में देरी की गई। इसलिए इस मामले की जांच की जाए।

कुलपति प्रोफेसर उमेश राय ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मुलाकात की। उन्हें समझाया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। हम भी अपने स्तर पर जांच कर रहे हैं। यदि कुछ गलत हुआ है तो उसकी तह तक जांच होगी। ये भी कहा कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही सबकुछ पता चलेगा कि मौत का कारण क्या रहा।
विज्ञापन


:::कोट::
घटना की जानकारी मिलते ही वार्डन मौके पर पहुंच गए थे, तब तक एंबुलेंस को फोन काॅल की जा चुकी थी। नौ मिनट के भीतर एंबुलेंस भी पहुंच गई। प्राथमिकता छात्र को अस्पताल पहुंचाने की थी। छात्र की हालत देखते हुए उसे एंबुलेंस में शिफ्ट करने की जगह कार में ही ले जाया गया ताकि समय खराब न हो। एंबुलेंस में रेजिडेंट वार्डन तो कार में वार्डन साथ ही। सब एकसाथ ही जीएमसी पहुंचे। छात्र की मौत से पूरा विश्वविद्यालय प्रशासन दुखी और स्तब्ध है। कुलपति समेत तमाम लोग छात्र की अंतिम संस्कार में शामिल हुए हैं।

प्रकाश अंथल, डीन स्टूटेंड वेलफेयर, जम्मू विवि
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें