जम्मू विश्वविद्यालय में इस सत्र से पार्ट टाइम पीएचडी भी शुरू की जा रही है। नौकरी या किसी अन्य क्षेत्र में कार्य करने वाले अभ्यर्थियों को राहत मिली है। संबंधित विभाग के अधिकारी से एनओसी लेने के बाद अभ्यर्थी पीएचडी की प्रक्रिया को आगे बढ़ा सकेंगे। पार्ट टाइम और रेगुलर पीएचडी प्रवेश परीक्षा के लिए 11 अगस्त से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। विश्वविद्यालय के 27 विभागों में प्रवेश परीक्षा के आधार पर सीटें भरी जाएंगी। 18 सितंबर को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।
डीन रिसर्च स्टडीज की ओर से जारी किए गए निर्देश में बताया गया है कि 25 अगस्त आवेदन की अंतिम तारीख है। पीजी चौथे सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहे या पीजी की डिग्री पूरी करने वाले अभ्यर्थी आवेदन के पात्र हैं। इन अभ्यर्थियों का सेट, नेट और जेआरएफ मायने नहीं रखा जाएगा। इन्हें एक्जेमटेड कैटेगरी में शामिल नहीं किया गया। उसके लिए कुछ महीने पहले प्रक्रिया पूरी हुई है।
उसमें सिर्फ सेट, नेट, जेआरएफ और एमफिल पास अभ्यर्थी ही आवेदन करने के पात्र रखे गए थे। उसी आधार पर उनका मेरिट भी बनाया गया था। रिक्ट सीटों के मुताबिक उन्हें दाखिला दिया है। जानकारी के अनुसार जम्मू विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा और एक्जेमटेड कैटेगरी के आधार पर पीएचडी में सीधा दाखिला देता है।
इन विषयों में भरी जाएंगी सीटें
वनस्पति विज्ञान में 4, बॉयोकेमिस्ट्री में 1, बौद्ध अध्ययन में 3, रसायनिक विज्ञान में 4, कॉमर्स में 2, डोगरी में 1, अर्थ शास्त्र में 5, शिक्षा अध्ययन में 3, इंग्लिश में 4, पर्यावरण विज्ञान में 1, भूविज्ञान में 6, गृह विज्ञान में 20, हूयमेनजेनेटिक्स में 1, आईसीसीसीआर एंड एचआरएम में 5, लॉ विभाग में 15, पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान में 2, प्रबंधन अध्ययन में 17, माइक्रोबयॉलोजी में 1, संग्राहलय में 1, भौतिक विज्ञान में 4, मनोविज्ञान में 1, पंजाबी में1,रिमोट सेंसिंग में 4, समाज शास्त्र में 3, एसएचटीएम में 4, सांख्यिकी में 7 और जीव विज्ञान में 4 सीटें भरी जाएंगी।