जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय ने छात्रों और कर्मचारियों की मानसिक सेहत को ध्यान में रखते हुए मुफ्त काउंसलिंग सेवा शुरू की है। सुविधा के तहत तनाव, चिंता और अन्य मानसिक परेशानियों से जूझ रहे छात्रों, शोधार्थियों, कर्मचारियों और परिवार के सदस्यों को विशेषज्ञों की सलाह मिल सकेगी।
सर्कुलर के अनुसार सुविधा हेल्थ सेंटर में उपलब्ध रहेगी। काउंसलिंग सत्र हर शुक्रवार को होगा। यदि अवकाश रहेगा तो अगले कार्य दिवस पर सुविधा मिलेगी। काउंसलर सुबह 10:30 से दोपहर दो बजे तक हेल्थ सेंटर के काउंसलिंग कक्ष में मौजूद रहेंगे। सभी जानकारियां गोपनीय रखी जाएंगी। सेवा का लाभ उठाने के लिए पहले से समय लेना होगा। विवि का कहना है कि पढ़ाई, शोध कार्य और रोजमर्रा की जिंदगी के दबाव के कारण कई छात्र व लोग तनाव और चिंता का सामना करते हैं। ऐसे लोगों को सही समय पर मदद और सलाह मिल सके, इसी उद्देश्य से सुविधा शुरू की गई है।