जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. चंद्रशेखर की खुदकुशी के 21 दिन बाद बुधवार से कक्षाएं शुरू होंगी। शोध कार्य को नियमित किया जाएगा। शिक्षक काला बिल्ला लगाकर कक्षाओं में जाएंगे। लेकिन नैक संबंधित कार्यों में विवि प्रशासन का सहयोग नहीं करेंगे। यह फैसला मंगलवार को शिक्षक संघ के बैनर तले हुई बैठक में लिया गया।
शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रोफेसर पंकज श्रीवास्तव और डॉ. रविंद्र अत्री ने कहा कि जब तक चंद्रशेखर के परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक हर सप्ताह वीरवार को परिसर में शांति मार्च निकालेंगे। सीबीआई जांच की मांग संबंधित पत्र कुलाधिपति कार्यालय के लिए भी भेजा गया है। दस दिनों के भीतर कोई रिपोर्ट नहीं आती है, तो सदन फिर से मोड में बदलाव करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रशासन ने कैश समिति को हटाने का उचित फैसला लिया है। इस फैसले का सदन में भी स्वागत किया गया है। लेकिन अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को उनके पदों से हटाने और सीबीआई जांच की मांग अभी लंबित है। इसी मांग को पूरा करने के लिए सरकार से अपील कर रहे हैं।
एसआईटी की प्राथमिक रिपोर्ट भी सार्वजनिक नहीं हुई है, जबकि मामला गंभीर था। इसमें ज्यादा देरी नहीं होनी चाहिए थी। छात्रों की परीक्षाएं होने वाली हैं। पहले से ही सत्र शुरू होने में देरी हुई है। हड़ताल के चलते छात्रों को भी दिक्कत पेश आई है। कई परीक्षाएं स्थगित हुई हैं।