- लेकिन लंबे जाम और खस्ताहाल राजमार्ग से करना पड़ सकता है परेशानी का सामना
- हिदायत जारी : बेवजह सफर करने से करें परहेज, जाम के दौरान बरतना पड़ेगा संयम
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। रामबन जिले में भारी बारिश और बादल फटने से हुए भूस्खलन के कारण पांच दिनों से बंद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात फिर से बहाल होने जा रहा है। वीरवार देर शाम जम्मू-उधमपुर से भी घाटी जाने वाले वाहनों के लिए रास्ता साफ होता नजर आया। शुक्रवार सुबह वाहनों को जम्मू-उधमपुर से भी घाटी की ओर छोड़ा जा सकता है
रामबन के मरोग, केला मोड़, सेरी और सीताराम जैसे स्थानों पर भारी बारिश व बादल फटने के कारण भारी मलबा और कीचड़ जमा हो गया था। इस प्राकृतिक आपदा में तीन लोगों की जान चली गई थी। राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई थी। सैकड़ों वाहन मलबे में दब गए थे। पिछले पांच दिनों से लगातार हाईवे निर्माण कंपनी, यातायात विभाग एवं अन्य रेस्क्यू एजेंसियां मशीनरी के माध्यम से राजमार्ग को दिन-रात युद्धस्तर पर बहाल करने में जुटे हुए थे। कुछ हद रास्ता साफ होने पर बुधवार से पहले रामबन के विभिन्न इलाकों में फंसे छोटे वाहनों को जम्मू की ओर छोड़ा गया। यह सिलसिला वीरवार को भी पूरा दिन जारी रहा।
वहीं, रामबन के सेरी में फंसे वाहनों को भी बनिहाल से घाटी की ओर रवाना किया गया। मलबे में फंसे कई वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया तो मलबे में तबदील हो चुके कईं वाहनों को भी राजमार्ग से हटाया गया। हालांकि सेरी और सीताराम में अभी काफी अधिक मलबा मौजूद है जिसे हटाने का काम जारी है। रामबन में दोनों से ओर वाहनों की आवाजाही शुरू होने से जाम की स्थिति पैदा हो रही है।
आशंका जताई जा रही है कि वीरवार रात या फिर शुक्रवार सुबह वाहनों को जम्मू-उधमपुर से भी घाटी की ओर छोड़ा जा सकता है। लेकिन यातायात बहाल होने पर भी राजमार्ग पर लंबे जाम की समस्या का सामना करना पड़ सकता है इसलिए लोगों को बेवजह यात्रा करने से परहेज करने की भी हिदायत दी गई। क्योंकि कई स्थानों पर सिंगल लेन ट्रैफिक संचालित हो पाया है। मौजूदा समय में उधमपुर में लगभग 60 छोटे वाहन रुके हुए हैं जबकि जिले में लगभग 1100 ट्रक और बड़े वाहन फंसे हुए हैं।
-
कोट...
हाईवे से मलबा हटाने का काम जारी है लेकिन अभी भी कुछ स्थानों पर काफी मलबा जमा हुआ है। उम्मीद है कि जल्द ही उधमपुर से भी छोटे-बड़े वाहनों को राबमन और घाटी की ओर से रवाना कर दिया जाएगा।
- जतिंद्र सिंह, डीएसपी ट्रैफिक, उधमपुर-रामबन नेशनल हाईवे