शहरों के स्वच्छता सर्वे में बहुत नीचे रहने केबाद जम्मू केखाते में रेलवे की तरफ से एक अच्छी खबर दर्ज हुई है। उसे देश के 75 सबसे स्वच्छ ए1 रेलवे स्टेशनों की श्रेणी में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आईआरसीटीसी) की तरफ से जारी थर्ड पार्टी आडिट रिपोर्ट में उसे यह मुकाम हासिल हुआ है।
विशाखापत्तनम पहले, जबकि सिकंदराबाद दूसरे स्थान पर रहा है। क्वालिटी कौंसिल आफ इंडिया की तरफ में रेलवे के 16 जोन के 407 स्टेशनों पर यह सर्वे किया गया था। कुल 1.2 लाख यात्रियों से फीडबैक लिया गया। इनमें 75 ए1, जबकि 332 ए कैटेगरी के रेलवे स्टेशन शामिल थे। ए श्रेणी के स्टेशनों में पंजाब का व्यास अव्वल रहा। साउथ-सेंट्रल रेलवे का खम्मम स्टेशन दूसरे, जबकि अहमदनगर स्टेशन तीसरे स्थान पर है।
रैकिंग में 17 स्थानों का उछाल
जम्मू ने अपनी रैंकिंग में 17 स्थानों का उछाल पाया है। पिछले साल मार्च में पहली बार यह सर्वे किया गया था। उस वक्त 75 ए1 स्टेशनों की सूची में जम्मू-तवी रेलवे स्टेशन को 20वां स्थान प्राप्त हुआ था।
यह स्टेशन होते हैं ए1 कैटैगरी में
आय के हिसाब से रेलवे ने विभिन्न स्टेशनों की कैटैगरी तय की है। ऐसे स्टेशन जो, साल में 60 करोड़ रुपये से अधिक की आय अर्जित करते हैं, उन्हें ए1 कैटेगरी में रखा गया है। जम्मू तवी ऐसे ही स्टेशनों में है।