एलओसी पार से तस्करी कर पुंछ लाई गई पांच किलो हेरोइन के साथ पंजाब पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने शनिवार दो तस्करों को दबोच लिया। एसटीएफ पंजाब से खेप लेने आ रहे एक तस्कर का पीछा करते पुंछ पहुंची जहां दोपहर बाद नगर के बाहर स्थित शेरे कश्मीर पुल पर दोनों को ऐन मौके पर पकड़ लिया।
एसटीएफ तस्करों को पुंछ थाने लाकर पंजाब ले गई। स्थानीय तस्कर की पहचान नजाम दीन निवासी नियंत्रण रेखा के गांव कीरनी के रूप में हुई है। दूसरे तस्कर की शिनाख्त उजागर नहीं की गई है।
शनिवार दोपहर बाद पंजाब पुलिस एसटीएफ का एक दल एएसआई कश्मीर सिंह, एएसआई अमन जीवन ज्योति सिंह और हेड कांस्टेबल कुलवंत सिंह की अगुवाई में पुंछ पहुंचा। सूत्रों के अनुसार पंजाब पुलिस की एसटीएफ पंजाब से ही पंजाब के एक तस्कर का पीछा करते हुए आ रही थी।
पुलिस को यह पता नहीं था कि पुंछ में उसे खेप कहां से मिलनी है। एसटीएफ ने पुंछ पुलिस का भी सहयोग लिया। ताया जा रहा है कि पंजाब नंबर की फोर्ड गाड़ी (पीबी02बीएस-0948) में आए तस्कर को नजाम दीन ने जैसे ही पांच किलो हेरोइन की खेप सौंपी तो एसटीएफ ने दोनों को दबोच लिया। दोनों को पुंछ पुलिस थाने लाया गया। जहां एसएचओ रंजीत सिंह राव की देखरेख में कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद तस्करों को अपने साथ ले गई।