जम्मू-कश्मीर के उधमपुर रामबन के मगरकोट में पस्सियां गिरने के बाद शुक्रवार देर रात से बंद जम्मू-श्रीनगर हाईवे करीब 40 घंटे बाद रविवार की शाम खोलने में कामयाबी मिली। हाईवे करीब सात बजे खोला गया और सबसे पहले रामबन के रामसू में रोके गए सैकड़ों वाहनों को जम्मू के लिए रवाना किया गया। फिलहाल एकतरफ से ही यातायात चालू किया गया है। सोमवार को जम्मू से श्रीनगर कोई भारी वाहन नहीं जाएगा।
शुक्रवार रात करीब दो बजे बारिश के दौरान मगरकोट में पहाड़ से पस्सियां गिरने से राजमार्ग पूरी तरह से बंद हो गया था। शनिवार को दिन और रातभर राजमार्ग खोलने का काम चलता रहा, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। रविवार सुबह फिर से काम शुरू किया गया। पहाड़ से इतने बड़े पत्थर राजमार्ग पर गिरे थे कि जेसीबी से हटाना संभव नहीं था। इन पत्थरों को ड्रिल करके तोड़ा गया और फिर राजमार्ग से हटाया गया।
यात्रियों ने ली राहत की सांस
राजमार्ग खुलने पर सबसे पहले पुलिस ने रामसू व आसपास के इलाकों में रोके गए वाहनों को जम्मू के लिए रवाना किया। इसके बाद रात के समय श्रीनगर के लिए वाहन छोड़े गए। उधमपुर में दिन भर जखैनी, संगूर, रठियान, गरनई, टिकरी व अन्य कई इलाकों में वाहनों को रोका गया। करीब 40 घंटे के बाद राजमार्ग खुलने पर वाहन चालकों के साथ ही पुलिस ने भी राहत की सांस ली है।
सोमवार को श्रीनगर नहीं जाएगा कोई भारी वाहन
सोमवार को हाईवे वन-वे रहेगा। श्रीनगर से जम्मू की तरफ वाहनों को छोड़ा जाएगा। जम्मू से श्रीनगर किसी भी भारी वाहन को जाने की इजाजत नहीं होगी।