जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बर्फबारी के कारण बंद हो गया है। जवाहर सुरंग के पास बर्फबारी हुई है। इससे पहले रविवार को भी जम्मू श्रीनगर नेशनल हाइवे पर बारिश के चलते कई स्थलों पर भूस्खलन हुआ था, हालांकि हाइवे बंद नहीं किया गया था। हाइवे पर वाहनों को धीरे-धीरे आगे जाने की अनुमति दी गई थी। लेकिन आज हाइवे को बंद कर दिया गया है।
वहीं, पीरपंजाल माउंटेन रेंज के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हुई जम्मू में मुगल रोड बंद कर दिया गया है। इससे पहले जम्मू के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग, पहलगाम के अलावा जम्मू संभाग के पुंछ, राजोरी और डोडा जिले के ऊंचे पर्वतीय इलाकों में रविवार को जमकर बर्फबारी हुई।
इससे तापमान में छह से 12 डिग्री तक की भारी गिरावट होने से कड़ाके की ठंड की शुरूआत हो गई। वहीं राजोरी और पुंछ जिलों को कश्मीर घाटी से जोड़नी वाली मुगल रोड पर पीर की गली समेत कई अन्य क्षेत्रों में भारी बर्फबारी से यह रोड बंद हो गई थी। श्रीनगर लेह हाईवे भी भारी बर्फबारी और भूस्खलन के चलते बंद हो गया। जम्मू श्रीनगर नेशनल हाइवे पर बारिश के चलते कई स्थलों पर भूस्खलन हुआ लेकिन हाइवे पर वाहनों को धीरे-धीरे आगे जाने की अनुमति दी गई हैं।
जम्मू श्रीनगर नेशनल हाइवे पर सोमवार को श्रीनगर की तरफ से भारी वाहनों को आने दिया जाएगा और जम्मू से श्रीनगर की तरफ केवल हल्के वाहनों को जाने की अनुमति दी जाएगी। मौसम के करवट बदलने से श्रीनगर के तापमान में करीब नौ डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है।