जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी से जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे को बंद कर दिया गया है। जवाहर टनल के पास हुई भारी बर्फबारी के चलते टनल को भी बंद किया गया है। यही एक रास्ता है जो कश्मीर को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ता है। खबर है कि वैष्णो देवी में भी बर्फबारी हुई है। लेह लद्दाख में भारी बर्फबारी और जम्मू के निचले इलाकों में बारिश भी हुई है।
बर्फबारी के बाद शुरू हुई शीतलहर से रियासत कडाके की ठंड की चपेट में है। समूची कश्मीर घाटी बर्फ की सफेद चादर के आगोश में है। रियासत में हुई भारी बर्फबारी का सबसे ज्यादा असर ट्रांसपोर्ट सिस्टम पर पड़ा है। जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे1-ए पर जबरदस्त बर्फबारी हुई है।
बर्फबारी का सबसे ज्यादा असर जम्मू से आगे पटनीटाप इलाके में और जवाहर टनल के आसपास देखा जा रहा है। इन इलाकों में भारी बर्फबारी के चलते श्रीनगर जाने जाने वाले और श्रीनगर से आने वाले वाहनों को रास्ते में ही रोक दिया गया है। जवाहर टनल के दोनों तरफ बर्फ की मोटी परत जम गई है।