संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। वुशू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वाधान में वुशू एसोसिएशन ऑफ जेएंडके द्वारा आयोजित 23वीं सब जूनियर नेशनल वुशू चैंपियनशिप रविवार को जम्मू विश्वविद्यालय के जिम्नेजियम हॉल में संपन्न हो गई। इसमें मणिपुर की टीम ओवरऑल चैंपियन बनी। वहीं, हरियाणा ने दूसरा स्थान हासिल किया। जेएंडके को ओवरऑल तीसरा और ताओलू बॉयज एंड गर्ल्स में दूसरा स्थान मिला है।
सब जूनियर गर्ल्स ताओलू में मणिपुर ने खिताब जीता। जम्मू-कश्मीर उपविजेता रहा और तमिलनाडु ने तीसरा स्थान हासिल किया। सब जूनियर बॉयज ताओलू में मणिपुर ने विजेता ट्राफी अपने नाम की। जम्मू-कश्मीर उपविजेता और उत्तर प्रदेश तीसरे स्थान पर रहा। सब जूनियर गर्ल्स सांदा में हरियाणा ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि चंडीगढ़ दूसरे और महाराष्ट्र तीसरे स्थान पर रहा। सब जूनियर बॉयज सांदा में हरियाणा ने पहला, असम ने दूसरा और चंडीगढ़ ने तीसरा स्थान हासिल किया।
समापन समारोह में जम्मू विवि के खेल एवं शारीरिक शिक्षा निदेशक प्रो. (डॉ.) दाउद इकबाल बाबा मुख्य अतिथि थे। उन्होंने विजेताओं को सम्मानित किया। इस मौके पर वुशू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के पर्यवेक्षक सुहैल अहमद, महासचिव विजय सराफ, खेल परिषद के सदस्य राजीव शर्मा, जम्मू-कश्मीर तीरंदाजी एसोसिएशन के महासचिव सुनील शर्मा, द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कुलदीप हांडू, जम्मू-कश्मीर वुशू एसोसिएशन के महासचिव बवनीत और कीर्ति धर मौजूद रहे।