द्विपक्षीय श्रृंखला जतीने वाली जम्मू-कश्मीर की ब्लाइंड क्रिकेट टीम फोटो एसो.
तीन मुकाबलों में बेहतरी प्रदर्शन करने प शिव शर्मा चुने गए मैन ऑफ द टूर्नामेंट
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने द्विपक्षीय शृंखला में पंजाब का क्लीन स्वीप किया है। पंजाब के जालंधर में हुई तीन मुकाबलों की सीरीज में जम्मू-कश्मीर की टीम ने शानदार जीत दर्ज की है। शिव शर्मा को मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
शृंखला के पहले मैच में जम्मू-कश्मीर ने जीत से आगाज किया था। पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 167 रन का लक्ष्य रखा था। इसे जम्मू-कश्मीर के सलामी जोड़ी शिव शर्मा (66) और मनप्रीत (58) ने महज 12 ओवर में हासिल कर लिया।
दूसरे मैच में जम्मू-कश्मीर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 233 रन बनाए थे। इसमें साहिल ने 49 गेंदों पर 137 रनों की तूफानी पारी खेली थी। पंजाब की टीम इस मुकाबले 170 रन ही बना पाई और उसे हार मिली थी। शृंखला के अंतिम मुकाबले में पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 158 रन बनाए।
इसके जवाब में जम्मू-कश्मीर के सलामी बल्लेबाज शिव शर्मा और अंग्रेज कुमार ने अर्धशतक जमाते हुए आठ विकेट से टीम को जीत दिलाई। इस जीत के साथ ही जम्मू-कश्मीर ने 3-0 से शृंखला अपने नाम की। शिव शर्मा को मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
जम्मू-कश्मीर ब्लाइंड क्रिकेट टीम की शानदार जीत उनके कौशल, दृढ़ संकल्प और टीम वर्क का प्रमाण है। क्रिकेट एसोसिएशन फॉर ब्लाइंड जेएंडके के महासचिव अजय कुमार ने द्विपक्षीय सीरीज में पंजाब पर 3-0 की शानदार जीत पर टीम को बधाई दी।