अमर उजाला ब्यूराे
जम्मू। आगामी महाशिवरात्रि को लेकर मंदिरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रमुख मंदिराें और चौक-चौराहों पर ड्रोन से नजर रखी जा रही है।
जिले में अलर्ट जारी कर महत्वपूर्ण जगहों पर एनएसजी कमांडो तैनात किए गए हैं। पुलिस अफसर निजी तौर पर निगरानी कर रहे हैं। दिन में भी पुलिस ने गश्त शुरू कर दी है। खास बात ये है कि पहली बार जम्मू में ड्रोन के साथ गश्त शुरू की गई है।
रविवार को शहर के रणबीरेश्वर मंदिर, रघुनाथ मंदिर और बस स्टैंड क्षेत्र में पुलिस ने दिन को ड्रोन के साथ गश्त की। डीएसपी विक्रम भाऊ, बस स्टैंड के एसएचओ विकास डोगरा और पुलिसकर्मियों की टीम ने ड्रोन से आसपास के क्षेंत्रों की दुकानों, बाजारों और संदिग्ध स्थानों की निगरानी की।
बता दें कि इसके पहले पुलिस की तरफ से मुख्य आयोजनों के दिन ही ड्रोन से निगरानी होती थी, लेकिन इस बार शिवरात्रि के पूर्व ही पूरे शहर में सुरक्षा घेरा मजबूत करते हुए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है। डीआईजी जम्मू शिव कुमार का कहना है कि शिवरात्रि को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। सभी एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं।