शहर में प्रवेश वाले मार्गों पर नाके लगाकर हर वाहन और व्यक्तियों की ली जा रही तलाशी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। पहलगाम आतंकी हमले के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया गया है। पुलिस ने रात में अपनी गश्त बढ़ा दी। शहर में प्रवेश करने वाले रास्तों पर औचक नाके लगाकर वाहनों की जांच कर हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
शहर के प्रमुख बाजारों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर पुलिस के नाके लग रही है। शाम ढलते और देर रात में वाहनों की तलाश की जा रही है। संवेदनशील इलाकों में कड़ी नजर रखने के भी निर्देश दिए गए है। शनिवार को शहर के गांधी नगर, गोलमार्केट, बिक्रम चौक, सर्कुलर रोड़, कर्ण नगर व अन्य इलाकों में पुलिस नाका लगाया।
इस दौरान वाहनों के साथ पैदल चलने वाले लोगों की जांच की गई। इसमें चालकों के पहचान पत्र से लेकर वाहन की डिक्की खुलवा कर खंगाली जा रही है। इन दिनों श्रीनगर से बड़ी संख्या में पर्यटक जम्मू आ रहे है। ऐसे में पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। जम्मू रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर पुलिस की टीमें औचक निगरानी करने पहुंच रही है। मंदिरों व अन्य धार्मिक स्थलों के बाहर भी पुलिस कर्मियों की तैनात दिख रही है।