जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच 44) पर सांबा में स्थित सरोर टोल प्लाजा को शुक्रवार से बंद कर दिया गया है। अब यहां पर कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है। इसे लेकर भारतीय राष्ट्रीय प्राधिकरण (एनएचएआई) ने आदेश जारी कर दिया है। आदेश के अनुसार, जम्मू कश्मीर के प्रवेशद्वार लखनपुर और जम्मू और उधमपुर जिले के बीच स्थित बन टोल प्लाजा के शुल्क में संशोधन किया गया है।
लखनपुर टोल प्लाजा पर, हल्के मोटर वाहनों को अब एकल यात्रा के लिए 130 रुपये चुकाने होंगे। 24 घंटे में ही वापसी यात्रा के लिए 195 रुपये का भुगतान करना होगा। हल्के वाणिज्यिक वाहनों, हल्के माल वाहक और मिनी बसों को 210 रुपये और 315 रुपये का भुगतान करना होगा। 2 एक्सल वाली बसों और ट्रकों को एकल और वापसी यात्रा के लिए क्रमशः 435 रुपये और 655 रुपये देने होंगे।
थ्री-एक्सल वाणिज्यिक वाहनों को अब 475 रुपये और 715 रुपये का भुगतान करना होगा। एचसीएम, ईएमई और एमएवी सहित चार-एक्सल वाणिज्यिक वाहनों के लिए 685 रुपये और 1030 रुपये चुकाने होंगे। जबकि बड़े आकार के वाहनों (7 या अधिक एक्सल) को एकल और वापसी यात्रा के लिए क्रमशः 835 और 1250 रुपये का भुगतान करना होगा।
बन्न टोल प्लाजा पर टोल शुल्क में बढ़ोतरी तुलनात्मक रूप से नाममात्र है। बन्न टोल प्लाजा पर, हल्के मोटर वाहनों को अब एकल यात्रा के लिए 170 रुपये और वापसी यात्रा के लिए 255 रुपये का भुगतान करना होगा, जबकि हल्के वाणिज्यिक वाहनों, हल्के माल वाहक और मिनी बसों को 275 रुपये और 410 रुपये का भुगतान करना होगा। 2 एक्सल वाली बसों और ट्रकों को एकल और वापसी यात्रा के लिए क्रमशः 570 रुपये और 855 रुपये देने होंगे।
थ्री-एक्सल वाणिज्यिक वाहनों को अब 620 रुपये और 935 रुपये का भुगतान करना होगा। एचसीएम, ईएमई और एमएवी सहित चार-एक्सल वाणिज्यिक वाहनों के लिए 895 रुपये और 1340 रुपये चुकाने होंगे। जबकि बड़े आकार के वाहनों (7 या अधिक एक्सल) को एकल और वापसी यात्रा के लिए क्रमशः 1090 और 1635 रुपये का भुगतान करना होगा।
गौरतलब है कि बीते साल सरोर टोल प्लाजा को बंद किए जाने की मांग को लेकर जम्मू संभाग में कई प्रदर्शन हुए। विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक संगठनों ने इसका पुरजोर विरोध किया। ट्रांसपोर्ट संगठनों ने भी इसे हटाने की लगातार मांग की। इन प्रदर्शनों ने धीरे-धीरे आंदोलन का रूप ले लिया था। अब जाकर प्राधिकरण ने सरोर टोल प्लाजा को बंद करने का फैसला लिया है।