घर की सबसे ऊपरी मंजिल पर सोई हुई थीं तीनोंं बहनें
संवाद न्यूज एजेंसी
रामबन। जिले के रामसू इलाके के एक दूरदराज के गांव में सोमवार को एक घर में आग लगने से तीन किशोर बहनों की जलने से मौत हो गई। घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं लग पाया है। जिला प्रशासन ने शोक संतप्त परिवार को 3 लाख रुपये की तत्काल राहत देवे की घोषणा की है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, पीड़ितों की पहचान अब्दुल लतीफ लोन की बेटियों सान्या लतीफ (9), सैका बानो (15) और बिस्मा बानो (18) के रूप में की गई। उखराल ब्लॉक के धनमस्ता-ताजनिहाल गांव में तीन मंजिला घर में दिन के शुरुआती घंटों में आग लग गई। जिस समय यह घटना हुई तीनों बहनें तीन मंजिला मकान की ऊपर की मंजिल पर सो रही थीं। घटना के दौरान उन्हें जान बचाने के लिए भागने का भी मौका नहीं मिला। आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचे अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं के कर्मियों को तीन शव जली हुई अवस्था में मिले।
रामबन के उपायुक्त बसीर-उल-हक ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि हम परिवार के साथ खड़े हैं और एसडीआरएफ मानदंडों के अनुसार पूर्ण सहायता और मुआवजा प्रदान करेंगे। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक्स पर की गई एक पोस्ट में शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि वह प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आज़ाद पार्टी (डीपीएपी) के प्रमुख गुलाम नबी आज़ाद, जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विकार रसूल वानी और अपनी पार्टी के अध्यक्ष अल्ताफ बुखारी सहित कई राजनीतिक नेताओं ने घटना पर दुख व्यक्त किया और परिवार को पर्याप्त मुआवजा देने की मांग की। इलाके में मातम का माहौल है।
झोपड़ी में लगी आग, 92 साल की वृद्धा की मौत
डोडा जिले के डिग्गी-थिगना वन क्षेत्र में रविवार रात लगी आग में 92 साल की एक महिला की जान चली गई थी। अधिकारियों ने बताया कि शीला देवी अपने मवेशियों के साथ जंगल गई थी और ग्रामीणों ने उसे एक झोपड़ी में मृत पाया।