पीओजेके विस्थापितों ने रैली निकालकर उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) विस्थापित मोर्चा की ओर से सोमवार को महाराजा हरि सिंह पार्क से रैली निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में विस्थापितों ने भाग लेकर केंद्र सरकार से राहत पैकेज की शेष राशि जल्द जारी करने की मांग उठाई है।
इस दौरान मोर्चा अध्यक्ष कैप्टन वुधवीर सिंह चिब, महासचिव जेपी शर्मा और सचिव केएस चिब के नेतृत्व में विस्थापितों ने छह दशक पुरानी लंबित समस्याओं को उठाया। इसमें विस्थापितों का पुनर्वास, आवासीय भूखंड, अनुसूचित जनजाति का दर्जा और विधानसभा में उचित प्रतिनिधित्व शामिल है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संयुक्त संसदीय समिति द्वारा अनुशंसित 30 लाख प्रति परिवार मुआवजे की शेष राशि जारी करने का अनुरोध किया। मार्च 2022 में 4500 से अधिक फाइलें गृह मंत्रालय को भेजी गई थीं, लेकिन 5.5 लाख रुपये की सहायता राशि अब तक नहीं मिली है। रैली में विधायक डॉ. नरेंद्र सिंह रैना ने मांगों को केंद्र सरकार के सामने उठाने का आश्वासन दिया।