-संदिग्ध विस्फोट में दो छात्राओं के घायल होने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। जिले के डूंगी ब्राह्मणा गांव की गाई पंचायत में संदिग्ध विस्फोट में दो छात्राओं के घायल होने के बाद जारी पुलिस जांच और सुरक्षाबलों का तलाशी अभियान शुक्रवार को भी जारी रहा। पूरा इलाका खंगाला गया। साथ ही संदिग्ध लोगों के घरों में भी तलाशी ली गई।
राजोेरी पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। सूत्रों के अनुसार वीरवार शाम सुरक्षाबलों ने तलाशी के दौरान करीब 25 डेटोनेटर बरामद किए थे। उसके बाद तलाशी अभियान ऑपरेशन में तेजी लाई गई थी। शुक्रवार को भी सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को खंगाला। कुछ संदिग्ध लोगों के घरों में भी तलाशी ली। उधर, राजोरी पुलिस ने भी जांच तेज कर दी है। पुलिस आने वाले समय में कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लेगी। यह पता लगाया जाएगा कि डेटोनेटर या अन्य विस्फोटक वहां कैसे पहुंचे। खुफिया एजेंसियां भी अपने स्तर पर जांच कर रही हैं।